मोहल्ला आवास विकास से स्कूल जाते समय रास्ते से अपहृत छात्र प्रांजल सचान का तीसरे दिन भी पता नहीं चल सका है। इस कारण परिवार वालों का बुरा हाल है। पुलिस को काल डिटेल से भी खास सफलता नहीं मिली है क्योंकि छात्र ने अधिकांश बातचीत इंटरनेट के माध्यम से की है। सीओ सिटी एमपी सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम छात्र की सुरागरसी में जुटी है।
बता दें कि आवास विकास कॉलोनी निवासी मुन्ना सचान का 17 वर्षीय पुत्र प्रांजल सचान अपनी स्कूटी से शुक्रवार की सुबह करीब सात बजे स्कूल जाने के लिए निकला था। वह लखनऊ पब्लिक स्कूल में कक्षा 12 का छात्र हैै। रास्ते में होली फील्ड स्कूल के पास बाइक सवार तीन युवकों ने प्रांजल को रोक लिया और उसे बाइक पर बैठाकर कहीं ले गए। जबकि एक युवक उसकी स्कूटी को ले गया। इसकी सूचना प्रत्यक्षदर्शी छात्र ने पहले अपने स्कूल में दी, जहां से शिक्षक ने प्रांजल के घर वालों को फोन से सूचना दी थी। इसके बाद परिवार वालों ने छात्र की काफी खोजबीन की और मामले की तहरीर कोतवाली पुलिस को दी थी। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कर छात्र की तलाश तेज कर दी है। पुलिस ने छात्र के मोबाइल की काल डिटेल की निकलवाई है, जिससे पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिल पा रही है। सीओ सिटी एमपी सिंह के मुताबिक अधिकांश वायस काल और चैटिंग इंटरनेट से की गई हैं, जिसके चलते बातचीत करने वाले दूसरे व्यक्ति के बारे में जानकारी नहीं मिल पा रही है। हालांकि कुछ अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस टीम मामले की गहनता से जांच में जुटी है।