शहर में राजापुर मंडी रोड पर युवराज पैैलेस के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने बैंक से रुपये निकालकर गल्ला मंडी जा रहे मुनीम को लूटने का प्रयास किया, जिसमें बदमाशों ने मुनीम के सिर पर तमंचे की बट से प्रहार कर उसे घायल कर दिया। रुपये से भरा बैग लूटने में असफल रहने पर बदमाश मुनीम के गले से सोने की चेन छीनकर फरार हो गए। मामले की सूचना पर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और मुनीम की तहरीर पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
मोहल्ला संकटा देवी निवासी अरुण गुप्ता राजापुर मंडी स्थित पवन गुप्ता की गल्ले की आढ़त पर मुनीम हैं। बुधवार को वह बैंक से रुपये निकालने शहर आए। उन्होंने अस्पताल रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा से 3.20 लाख रुपये निकाले, फिर थरवनरनगंज स्थित आईसीआईसीआई बैंक से दो लाख रुपये निकाले। दोनों बैैंकों से निकाली गई 5.20 लाख की रकम बैग में रखकर वह करीब ढाई बजे अकेले ही बाइक से राजापुर मंडी जा रहे थे। युवराज पैैलेस के पास जैसे ही मुनीम पहुंचा, तभी पीछे से आए बिना नंबर की बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक कर उसे रोक लिया। इसके बाद बदमाशों ने मुनीम की बाइक के हैंडल में टंगा रुपयों से भरा बैग छीनने का प्रयास किया तो मुनीम ने शोर मचाते हुए विरोध किया। इस पर एक बदमाश ने तमंचे की बट मुनीम के सिर पर मारकर उसे घायल कर दिया और गले से सोने की चेन छीन ली। लोगों की भीड़ जुटती देख बदमाश नहर के रास्ते से फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव घटनास्थल पर पहुंचे। घायल मुनीम का डॉक्टरी परीक्षण कराया और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
शहर कोतवाल दुर्गेश चंद्र श्रीवास्तव के अनुसार लुटेरे बगैर नंबर की लाल रंग की बाइक से थे। बैंकों के सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों की पहचान कराने के प्रयास करेंगे। बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही हैै।
तो बैंक से ही पीछे लगे थे लुटेरे
बैंक से रुपये निकालकर जाने वालों के साथ लूट की घटनाओं में अमूमन लुुटेरों के बैंक से पीछा करने के मामले सामने आए हैं। इस घटना के पीछे भी माना जा रहा हैै कि लुटेरे बैंक से ही मुनीम पर नजर रख रहे थे, उन्होंने युवराज पैलेस के पास सुनसान इलाका समझकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के लिए राहत की बात रही कि लुटेरे रुपयों से भरा बैग लूटने में नाकाम रहे।