जिला मुख्यालय के समीपवर्ती गांव भड़ोलियां कलां में एक देवर ने अपनी ही भाभी पर मिट्टी का तेल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया। पीड़िता आग में 80 फीसदी तक झुलस गई है। पीड़ित महिला की पहचान 28 वर्षीय बेबी रानी के रूप में की गई है।
उसे नाजुक हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। वहीं, घटना में आरोपी देवर भी आग की चपेट में आने से बुरी तरह झुलस गया। वह स्थानीय निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात भड़ोलियां कलां निवासी 24 वर्षीय सन्नी सिंह की भाभी से किसी बात को लेकर तू-तू, मैं-मैं हो गई। देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान तैश में आकर सन्नी ने अपनी भाभी पर मिट्टी का तेल छिड़क कर उसे आग के हवाले कर दिया।
महिला को आग लगाते समय आरोपी खुद भी उसकी चपेट में आ गया। बेबी की चीखो-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कड़ी मशक्कत से बेबी और सन्नी को आग से बचाया। लेकिन, तब तक बेबी बुरी तरह झुलस चुकी थी। महिला को फौरन क्षेत्रीय अस्पताल ऊना लाया गया। यहां उसकी नाजुक हालत के कारण फौरन पीजीआई रेफर कर दिया गया।
आरोपी देवर को किसी निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बताया जा रहा है कि महिला का पति विदेश में रहता है। एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का प्रयास करने का मामला दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है।