गोला कस्बे से आठ किलोमीटर पहले छत्तीपुर गांव के पास एक गन्ना भरी ट्रॉली में कार घुस जाने से उसमे सवार नगर पालिका के चार वार्ड सदस्यों समेत पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, इस दौरान रास्ते में तीन वार्ड सदस्यों की मौत हो गई। दो अन्य की हालत गंभीर बनी है।
गोला नगर पालिका परिषद के वार्ड मोहल्ला तीर्थ के सदस्य अंजीव गिरि (32), मिल वार्ड के सदस्य सोनू रावत, मोहल्ला गढ़ी के सदस्य वसीम अहमद, कुम्हारन टोला के सदस्य ओपी भारती और इनके साथी कस्बा निवासी अली हसन एक आल्टो कार से शुक्रवार सुबह नेपाल गए थे। वापसी में करीब सात बजे गोला से आठ किमी खुटार रोड पर छत्तीपुर व मुरादपुर के बीच में इनकी कार एक गन्ना भरी ट्रॉली में घुस गई। हादसें में कार सवार सभी लोग उसमें फंस कर रह गए। सूचना के काफी देर बाद तक पुलिस के मौके पर न पहुंचने पर विधायक विनय तिवारी खुद ही फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को गाड़ी से निकलवा कर इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए। घायलों के करीब सवा नौ बजे जिला अस्पताल पहुंचने पर घायल अंजीव गिरि, सोनू रावत व वसीम को मृत घोषित कर दिया गया, जब कि अली हसन को लखनऊ रेफर कर दिया। इस दौरान अस्पताल में इलाज में देरी होने पर विधायक विनय तिवारी के साथ मौके पर पहुंचे लोगों ने जमकर हंगामा किया।
हादसे की सूचना के बाद डीएम गौरव दयाल, एसपी अरविंद सेन यादव एसडीएम समेत तमाम सरकारी अमला पहुंच गया। नगर पालिका गोला चेयरमैन मीनाक्षी अग्रवाल के पति वरुण अग्रवाल समेत जिले के कई राजनीतिक पार्टियों के लोग भी अस्पताल पहुंचे।