जमानिया कोतवाली क्षेत्र के बड़ेसर गांव के पास बोलेरो की टक्कर से बाइक
सवार एक अधेड़ की मौत हो गई जबकि उसकी पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो
गया। हादसा शुक्रवार की दोपहर को हुआ। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया।
चंदौली
जिला के धीना थाना क्षेत्र के कुसहा गांव निवासी राजनारायण (50) अपने
पुत्र वकील (22) और पत्नी मुन्नी (40 वर्ष) के साथ दवा लेने के लिए बाइक से
जमानिया आ रहा था। बाइक वकील चला रहा था। इसी दौरान बड़ेसर गांव के पास
गाजीपुर की तरफ जमानिया की ओर जा रही बोलेरो जीप से बाइक की आमने-सामने
टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग उछलकर काफी दूर जा
गिरे। राजनारायण ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी और पुत्र गंभीर
रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर फरार हो गया। जानकारी
होते आसपास के लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और हादसे की सूचना एम्बुलेंस और
पुलिस को दी।
जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे
में ले लिया। जबकि घायल मां-बेटे को समाजवादी एम्बुलेंस से जिला अस्पताल
भेजवाया। बाद में परिवारजन को हादसे की सूचना दी गई।