लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली पुलिस ने महिला को अगवा करने की कोशिश करने के मामले में प्रयुक्त कार बरामद कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़ित महिला से शिनाख्त कराने के बाद पुलिस ने तीनों का मंगलवार को चालान कर दिया है।
घटना 21 फरवरी की है। शहर की एक महिला शाम को घर से दर्जी की दुकान पर जा रही थी। डॉ. एसपी वर्मा की क्लीनिक के पर एक ब्रीजा कार आकर महिला के पास रुकी। कार से उतरे युवकों ने महिला को खींचकर कार में डालने की असफल कोशिश की थी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर धाराओं में खेल कर छेड़छाड़ सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। प्रभारी निरीक्षक डीपी तिवारी ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर थाना फूलबेहड़ के गांव रंजीतपुरवा मधवापुर निवासी जितेंद्र पाल सिंह, मौजमाबाद निवासी कमल दीप सिंह और पनसेरी कलां निवासी पुनीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि कार रंजीतपुरवा मधवापुर निवासी सुखवेंद्र सिंह की है। कार स्वामी का बेटा जितेंद्र पाल सिंह कार लेकर अपने दोस्तों के साथ लखीमपुर आया था। पुलिस ने कार सीज कर तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।