लखीमपुर खीरी। खीरी थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर में डांसर के पति शिवम ब्रजवासी की हत्या कर शव दफनाने के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि दो अभियुक्त फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस ने 10 हजार रुपये उधारी के विवाद में हत्या किए जाने का दावा किया है। अभियुक्तों ने बोलेरो में सीट बेल्ट से गला घोंटकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया, जिसके बाद उसी गाड़ी से लाश को फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गौरा गांव में ठिकाने लगा दिया था।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी पूनम ने बताया कि शाहजहांपुर के थाना सेहरामऊ दक्षिणी के गांव मिरगापुर निवासी शिवम ब्रजवासी और उसकी पत्नी मधु सात मई 2019 की रात खीरी थाना क्षेत्र के गांव कीरतपुर में डांस पार्टी करने आए थे। उसी रात को शिवम अचानक लापता हो गए, जिसकी पत्नी मधु ने दूसरे दिन खीरी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। खुलासे के लिए प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह के नेतृत्व में टीम लगाई गई, जिसने सोमवार को मुखबिर की सूचना पर फूलबेहड़ क्षेत्र के गांव मिलपुरवा निवासी मतीन और गांव सरवाटापर निवासी लल्लन को बोलेरो समेत गौरा मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि सात मई 2019 की रात को वह अपने दोस्त गुड्डू उर्फ रिजवान निवासी गौरा फूलबेहड़ और इजराइल निवासी रामापुर थाना कोतवाली सदर के साथ मधु का डांस देखने के लिए कीरतपुर गए थे, जहां पर शिवम ने गुड्डू उर्फ रिजवान से पूर्व में दिए 10 हजार रुपये मांगे, तो गुड्डू शिवम को रुपये देने के बहाने बोलेरो में ले गया, जहां दोनों में विवाद होने लगा। इस पर गुड्डू ने शिवम का गला दबा दिया, जिसके बेहोश होने पर सीट बेल्ट से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए चारों अभियुक्त बोलेरो से फूलबेहड़ के गांव गौरा पहुंचे और बंधा के किनारे शव को दफना दिया था। पकड़े गए दोनों अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने गौरा गांव से सोमवार को शव निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। एसपी ने बताया कि अभियुक्तों की निशानदेही पर फावड़ा और सीट बेल्ट बरामद कर ली गई है। अभियुक्तों के खिलाफ हत्या, साक्ष्य छिपाने के प्रयास समेत एससी/एसटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज करके चालान भेजा गया है।
पहले से है गुड्डू का आपराधिक रिकार्ड
गौरा गांव निवासी गुड्डू उर्फ रिजवान डांस पार्टी देखने का बेहद शौकीन है। पुलिस पूछताछ में जो कहानी सामने आई है, उसके मुताबिक गुड्डू और शिवम के बीच पहले से जान-पहचान थी। जहां भी मधु डांस करने जाती थी, तो गुड्डू भी अपने दोस्तों इजराइल, मतीन और लल्लन के संग डांस देखने पहुंच जाता था। बोलेरो भी पकड़े गए आरोपी मतीन की है। गुड्डू के खिलाफ पहले से सदर कोतवाली में छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज है।
खुलासे में यह रहे शामिल
शिवम हत्याकांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक चंद्रकांत सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक अपराध हनुमान प्रसाद यादव, एसआई संतोष कुमार यादव, जान मोहम्मद और पीआरडी कमल किशोर शामिल थे।