सिंगाही। थाना क्षेत्र के गांव घोसियाना में सोमवार की रात एक घर में घुसे चोर बैनामा कराने के लिए रखे डेढ़ लाख रुपये और करीब एक लाख के जेवर लेकर रफूचक्कर हो गए। मकान मालिक को सुबह घटना की जानकारी हुई तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौका मुआयना तो किया है, लेकिन तहरीर मिलने के बाद भी रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गांव घोसियाना निवासी मोहम्मद सत्तार ने बताया कि वह परिवार के साथ सो रहे थे। रात किसी समय छत के सहारे चोर घर में घुस आए और खेत का बैनामा कराने के लिए घर में रखी एक लाख पचास हजार रुपये की नगदी, सोने की चार झुमकी, दो मंगल सूत्र, दो अंगूठी, चार कंगन, चांदी की पायल, बिछिया आदि जेवर और मोबाइल चोरी कर ले गए। सुबह सोकर उठे तब कमरों में बिखरा पड़ा सामान देख उन्हें चोरी की जानकारी हुई। इससे गांव में सनसनी फैल गई। आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित के साथ ही आसपास के लोगों से भी घटना के बाबत जानकारी ली। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। थानाध्यक्ष अजय कुमार राय ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। जांच के बाद रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।