शहर से चोरी बाइक नेपाल बार्डर पर बरामद, आरोपी दबोचा
अमर उजाला ब्यूरो
तिकुनिया। लखीमपुर से दो दिन पहले चोरी हुई बाइक को कोतवाली पुलिस ने बुधवार की शाम उस समय बरामद कर लिया, जब आरोपी अंधेरा होने पर अपने गांव से बाइक को नेपाल में ठिकाने लगाने ले जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर चालान कर दिया है।
प्रभारी निरीक्षक ओपी रजक ने बताया कि दो दिन पहले शहर से एक बाइक चोरी हुई थी। इसकी सूचना वायरलैस सेट पर प्रसारित की गई। सूचना पर उन्होंने नेपाल जाने वाले रास्तों की कड़ी निगरानी शुरू कर दी थी। वह खुद नेपाल जाने वाले रास्तों पर वाहनों की चेकिंग करने लगे। बुधवार की शाम गांव डांगा के पास नेपाल के रास्ते पर बाइक की चेकिंग कर रहे थे। रात करीब नौ बजे एक युवक पल्सर बाइक से आया। पुलिस ने जब उसे रोकने का प्रयास किया तो चालक ने बाइक पीछे मोड़कर भगाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पुलिस ने जब आरोपी से बाइक के कागजात मांगे तो वह कोई भी कागजात नहीं दिखा। पूछताछ पर आरोपी ने अपना नाम बलविंदर सिंह निवासी कड़िया बताया। उसने पुलिस को बताया कि पकड़ी गई बाइक उसने दो दिन पहले शहर से चोरी की थी। वह डांगा गांव होते हुए गुलरिया घाट के रास्ते नेपाल ले जा रहा था। प्रभारी निरीक्षक ओपी रजक ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी बलविंदर सिंह शातिर अपराधी है। उस पर कई मुकदमे दर्ज हैं।
प्रकाश में आए गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश शुरू
प्रभारी निरीक्षक ओपी रजक ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में अपने अन्य कई साथियों के नाम बताए हैं, जिनकी पुलिस ने तलाश शुरू कर दी है। आटोलिफ्टर गैंग के सदस्य दुधवा जंगल का लाभ उठाकर चोरी कर लाई गई बाइकों को आसानी से नेपाल पहुंचा देते हैं और 10 से लेकर 15 हजार रुपये में बेच देते हैं।