गृहस्वामी को बंधक बनाकर की लूटपाट
पुलिस ने लूट की घटना को चोरी में दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
खीरी टाउन। क्षेत्र के मूसेपुर खुर्द गांव में शनिवार रात बदमाश एक घर में छत के रास्ते से घुस गए और गृहस्वामी को बंधक बनाकर लूटपाट की। लूट की घटना से पुलिस की गश्त पर सवालिया निशान खड़े हो रहे हैं पुलिस ने पीड़ित की तहरीर में हेराफेरी कर लूट की घटना को चोरी में दर्ज किया है।
खीरी पुलिस चौकी अंतर्गत मूसेपुर खुर्द निवासी शराफत अली गांव में बिजली न होने पर अपनी पत्नी परवीन के साथ छत पर सो रहा था। तभी रात करीब 11.30 बजे पेशाब करने के लिए जीने से नीचे उतरा तो जीने पर दो नकाबपोश बदमाशों ने उसे असलहे के बल पर बंधक बना लिया और कमरे में मौजूद चार अन्य बदमाशों ने मिलकर हाथ पीछे कर तख्त के पाए से बंाध दिया। कमरे में ससुर मोहम्मद हनीफ के आपरेशन के लिए रखे 70 हजार रुपये नकद, दो जोड़ी सोने के कुंडल, दो जोड़ी पायल और झुमकी लेकर बदमाश फरार हो गए।
शराफत ने बताया कि उसकी दो बच्चियां और सास कमरे में सोई हुई थीं घर के बाहर टिनशेड में सुसर सो रहे थे। सुसर के खांसने पर बदमाश जीने के रास्ते से छत से कूद कर भाग गए। बदमाशों के पास असलहे थे वे अपने चेहरे ढके हुए थे। काफी देर बाद वह कमरे से चिल्लाया तो पत्नी जाग गई। पत्नी ने छत से शोर मचाना शुरू किया तो आसपास के लोग जाग गए। गांव में परिवार को बंधक बनाकर लूट से दहशत का माहौल है।
सुबह जब शराफत ने खीरी चौकी पर पहुंच कर तहरीर दी तो चौकी इंचार्ज ने तहरीर में हेराफेरी कर बंधक बनाकर लूट के मामले को चोरी में तब्दील कराकर मुकदमा दर्ज किया है। चौकी इंचार्ज अरविंद राय ने बताया कि मुसेपुर खुर्द से तहरीर मिली है मुकदमा लिखा जा रहा है लूट नहीं चोरी हुई है।