उत्तराखंड के ध्यानार्थ....
हादसे में उत्तराखंड के एक
युवक की मौत, एक घायल
टेहरा तिराहे के पास शनिवार की शाम हुई सड़क दुर्घटना
- रुद्रपुर का रहने वाला था हरजीत सिंह
अमर उजाला ब्यूरो
पलियाकलां।
पलिया-निघासन रोड पर टेहरा तिराहे के आगे दो बाइक में भिड़ंत हुई, जिसमें एक बाइक अनियंत्रित होकर ट्रक में घुस गई। हादसे में इस बाइक पर सवार उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी हरजीत सिंह और उसका रिश्तेदार बंटी घायल हो गया। जिला अस्पताल ले जाते समय 32 वर्षीय हरजीत सिंह की रास्ते में मौत हो गई।
उत्तराखंड के रुद्रपुर निवासी बलजिंदर सिंह का 32 वर्षीय पुत्र हरजीत सिंह अपनी ससुराल निघासन थाना क्षेत्र के ग्राम रानीगंज आया था। वह अपने साले जसपाल सिंह के 22 वर्षीय पुत्र बंटी सिंह के साथ पलिया आया था। पलिया से वापस रानीगंज जाते समय टेहरा तिराहे के निकट दून स्कूल के सामने उनकी बाइक एक अन्य बाइक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दूसरा बाइक सवार तो रोड किनारे गिर गया, लेकिन हरजीत सिंह की बाइक आ रहे एक ट्रक में घुस गई।
हादसे में हरजीत सिंह और उस पर सवार बंटी जख्मी हो गया। दोनों को पहले सीएचसी में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में हरजीत सिंह की मौत हो गई। उधर, टक्कर लगे ट्रक को पुलिस ने थाने में खड़ा करा लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है।