सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव रोशननगर में शुक्रवार की रात एक घर में दो चोर घुस गए। घर वालों ने एक चोर को पकड़कर यूपी 100 पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक ने चौकी सिंकद्राबाद पुलिस को मौके पर पहुंचने के आदेश दिए, लेकिन वह मौके पर नहीं पहुंचे। जब तक यूपी 100 मौके पर पहुंचती, इससे पहले ही पकड़ा गया आरोपी 10 हजार रुपये लेकर भाग निकला। चौकी पुलिस की लापरवाही को प्रभारी निरीक्षक ने गंभीरता से लिया है। उन्होंने चौकी प्रभारी और दीवान के खिलाफ रपट लिखवाकर मामले की सूचना एसपी को दी है।
गांव रोशननगर निवासी अनिल कुमार के घर शुक्रवार की रात दो चोर घुस गए। आहट होने पर घर वालों की आंख खुल गई। अनिल ने हिम्मत जुटाकर गांव के ही एक चोर को दबोच लिया, जबकि उसके अन्य साथी भाग निकले। शोरशराबा होने पर गांव का नसीम मौके पर पहुंच गया। उसने सूचना पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी 2879) प्रभारी निरीक्षक को दी, जिस पर टीम रवाना हो गई। उधर प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने चौकी प्रभारी सिकंद्राबाद केके यादव और दीवान शोभनाथ चौहान को भी मोबाइल पर पहुंचने के निर्देश दिए, लेकिन कई घंटे तक नहीं पहुंचे। जब तक यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंचती, इससे पहले ही आरोपी भाग निकला। प्रभारी निरीक्षक ने यूपी 100 से चौकी प्रभारी की जानकारी ली तो उन्हें पीआरवी ने बताया कि चौकी प्रभारी मौके पर नहीं पहुंचे हैं। इसको प्रभारी निरीक्षक ने गंभीरता से लिया। उन्होंने चौकी इंचार्ज केके यादव और दीवान शोभनाथ चौहान के खिलाफ रपट लिखाई है और उच्चाधिकारियों को भी सूचना दी है।
चौकी प्रभारी कई मामलों में लापरवाही करते आए हैं। कई बार चेतावनी भी दी गई, लेकिन कोई सुधार नहीं आया। शुक्रवार की रात कई बार कहने के बावजूद न ही चौकी इंचार्ज घटनास्थल पर पहुंचे और न ही दीवान। दोनों के खिलाफ रपट लिखाई गई है। कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। पीड़ित की तहरीर मिल गई है, जिसकी जांच की जा रही है।
- पान सिंह प्रभारी निरीक्षक थाना नीमगांव
मुझे जब जानकारी हुई तो मैं घटनास्थल पर गया था। प्रभारी निरीक्षक से फोन पर बात करनी चाही, लेकिन बात नहीं हो पाई थी। मेरे द्वारा कोई लापरवाही नहीं बरती गई है।
केके यादव चौकी प्रभारी सिकंद्राबाद
मुझे सूचना शुक्रवार की रात 11.05 बजे मिली थी। प्रभारी निरीक्षक को सूचना देने के बाद मैं 15 मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गया था, लेकिन तब चोर भाग चुका था। 35 मिनट तक मैं घटनास्थल पर रहा। तब तक चौकी से कोई मौके पर नहीं पहुंचा था।
- धर्मेश, सब कमांडर पीआरवी 2879