लखीमपुर खीरी। छिनैती और लूटपाट करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए सदर कोतवाली पुलिस ने बुधवार की रात पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से चार तमंचा, लूटे गए कई मोबाइल, लेडीज पर्स और रुपये आदि बरामद हुए हैं। एसपी ने खुलासा करने वाली पुलिस टीम को 10 हजार रुपये का इनाम दिया है।
पुलिस लाइंस सभागार में एसपी पूनम ने बताया कि शहर में काफी समय से छिनैती और लूटपाट करने वाला गिरोह सक्रिय था। उसे पकड़ने के लिए प्रभारी निरीक्षक सदर अशोक कुमार पांडेय के नेतृत्व में टीम लगाई गई थी। मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक ने निरीक्षक अपराध ऋषिदेव सिंह, चौकी इंचार्ज संकटा देवी अजय कुमार सिंह, एसआई विजय कुमार शुक्ला, सिपाही विजय शर्मा आदि के साथ गोला रेलवे क्रासिंग के पास घेराबंदी की। वहां से मोहल्ला अयोध्यानगर निवासी सौरभ जायसवाल, शिवपुरी निवासी अनुभव मिश्रा उर्फ राजा, मिश्राना निवासी सुभाष उर्फ आकाश शुक्ला, कांशीराम कॉलोनी निवासी दिलीप गौतम और अयोध्यापुर निवासी विकास जायसवाल उर्फ बादल को गिरफ्तार किया।
एसपी ने बताया कि आरोपी सुभाष शुक्ला के खिलाफ सदर कोतवाली में नौ, सौरभ जायसवाल के खिलाफ 10, अनुभव शुक्ला के खिलाफ नौ मामले चोरी और आर्म्स एक्ट के दर्ज हैं। सभी आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।