लखीमपुर खीरी/बेलरायां खीरी।
गुरुवार की रात चोरों ने बेलरायां-सिंगाही मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम मोतीपुर निवासी हरनाम वर्मा के घर धावा बोल दिया। महिलाओं, बच्चों समेत गृहस्वामी के पुत्र को बंधक बनाकर सभी को कमरे में बंद कर दिया और बाहर से कमरे में ताला डालकर भाग निकले। बदमाश 17 हजार रुपये समेत करीब डेढ़ लाख के जेवर ले गए। उधर, पुलिस ने घटना को झुठलाया है।
गांव मोतीपुर निवासी हरीराम वर्मा का घर बेलरायां-सिंगाही मुख्य मार्ग के किनारे है। गृहस्वामी के पुत्र सत्यप्रकाश वर्मा ने बताया कि पिता हरनाम वर्मा और छोटा भाई गुड्डू नेपाल गए हैं। घर पर छोटे भाई की पत्नी और उसका परिवार था। वह घर के बाहर बंगले में सो रहा था। आधी रात आठ-नौ बदमाश बंगले में घुस आए। कनपटी पर तमंचा लगाकर उसे कब्जे में कर लिया। दो बदमाश घर के बाहर खड़े रहे। करीब छह बदमाश उसे लेकर घर में घुस आए। असलहों के बल पर तीन बच्चों, पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को बंधक बनाकर एक कमरे में बंद कर दिया। घर में रखा सामान खंगाल कर बक्सों के ताले तोड़ दिए। बदमाश 17 हजार रुपये, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी झाला, कुंडल, दो मंगलसूत्र समेत करीब डेढ़ लाख के जेवर लूट ले गए। जाते समय बदमाशों ने उसे दूसरे कमरे में बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी, जबकि महिलाओं और बच्चों को कमरे में बंद कर बाहर से ताला डालकर भाग निकले। उन्होंने बताया कि बदमाशों के जाने की आहट मिलने पर वह किसी तरह से पीछे का दरवाजा खोलकर बाहर निकला और यूपी 100 और सिंगाही पुलिस को सूचना दी। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ताला तोड़कर कमरे में बंद बच्चों और महिलाओं को बाहर निकाला।
सिपाही ने बोलकर लिखाई तहरीर और ले लिए हस्ताक्षर
लूटपाट की सूचना पर सिंगाही पुलिस रात करीब डेढ़ बजे मौके पर पहुंची। पुलिस ने बदमाशों को तलाश करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई। उल्टे पीड़ित और उसके परिवार के सदस्यों से 20 मिनट तक पूछताछ की। इसके बाद पीड़ित सत्यप्रकाश को सरकारी जीप से थाने ले गई। सत्यप्रकाश ने बताया कि एक सिपाही ने बोलकर दो लोगों द्वारा घर में घुसकर चोरी करने की तहरीर लिखवाई और हस्ताक्षर करवा लिए, फिर उसे घर लाकर छोड़ दिया।
दो महीने पहले पास में ही
हुई थी डकैती, खुलासा नहीं
गुरुवार की रात जिस मकान में बदमाशों ने घुसकर घटना को अंजाम दिया। उसी के पास स्थित कपड़ा व्यापारी हरदीप सिंह पाहवा के घर नौ सितंबर की रात बदमाशों ने घुसकर लूटपाट की थी। बदमाशों ने इस दौरान हरदीप को लोहे की रॉडों से पीटकर अधमरा कर दिया था। 55 हजार रुपये सहित करीब चार लाख का सामान लूट ले गए थे। इस घटना का पुलिस अभी तक खुलासा नहीं कर सकी है।
लूटपाट नहीं हुई है। दो चोर घर में घुसकर सामान चुरा ले गए हैं। पीड़ित ने जो तहरीर दी है उसी पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।
- नर्वदेश्वर तिवारी, एसओ थाना सिंगाही