लखीमपुर खीरी।
थाना फूलबेहड़ के गांव कुसटवा निवासी भारत(35) ने खेत में लगे पेड़ से लटककर जान दे दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के भाई का कहना है कि शादी के 10 साल बाद भी बच्चों के नहीं बचने के कारण भाई अवसाद में रहता था। इसी के चलते भाई ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
गांव कुसटवा निवासी राजाराम ने बताया कि उनके बड़े भाई भारत रविवार की सुबह घर से शौच जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन दोपहर बाद तक घर वापस नहीं लौटे। इस पर परिवारवालों ने उनकी तलाश की। तलाश के दौरान गांव से करीब आधा किलोमीटर दूर खेत में लगे नीम के पेड़ से भाई का शव लटकता मिला। गले में गमछा कसा हुआ था, उन्होंने बताया कि भाई की शादी को हुए करीब 10 साल हो चुका है। दो साल पहले भतीजी का जन्म हुआ था, लेकिन पैदा होने के कुछ दिनों के बाद उसकी मौत हो गई थी। साल भर पहले फिर लड़की ने जन्म लिया, लेकिन एक महीने के भीतर उसकी भी मौत हो गई। दोनों बच्चों को बचाने के लिए भाई भारत ने काफी दवा भी कराई, लेकिन बच्चे नहीं बचे। इससे भाई अवसाद में रहने लगा। इसी के चलते भाई ने आत्महत्या की है। उन्होंने बताया कि उनके परिवार की किसी से कोई रंजिश नहीं हैं।