सिंगाही। थाना क्षेत्र में स्थित भगहर झील में नाव पलटने से गांव अइली निवासी एक मजदूर की मौत हो गई। वह शनिवार दोपहर स्वयं नाव चलाकर कर मजदूरी का पैसा लेने बचैला फार्म जा रहा था। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने शव को झील से बाहर निकला और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
एसओ अजय राय ने बताया कि गांव नौरंगाबाद के मजरा अइली निवासी गोले (40) ने भगहर झील के उस पार स्थित बचैला फार्म निवासी टिंकू के यहां मजदूरी की थी, जिसका पैसा बाकी था। शनिवार दोपहर करीब दो बजे गोले मजदूरी का पैसा लेने के लिए भगहर झील में खड़ी नाव से अकेला सवार होकर झील को पार करने लगा। पानी अधिक होने के कारण नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई, जिससे वह डूबने लगा। उसकी चीख पुकार सुनकर झील के किनारे खेल रहे बच्चों ने यह जानकारी घर आकर दी। परिवार वाले और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। घर वालों ने जब तक उसे बाहर निकाला तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। एसओ ने बताया कि पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेजा है। मृतक के चार मासूम बच्चे हैं।