लखीमपुर खीरी।
कोतवाली तिकुनियां क्षेत्र के गांव मझरा पूरब में हफ्ते भर पहले हुए भाजपा नेता बलराम किशोर श्रीवास्तव हत्याकांड का खुलासा करते हुए एसपी ने एक शूटर समेत दो लोगों को गिरफ्तार करने का दावा किया है, जबकि घटना में शामिल दूसरा शूटर फरार है। एसपी का कहना है कि जमीन विवाद को लेकर विपक्षी बद्री प्रसाद यादव को शक था कि भाजपा नेता बलराम किशोर श्रीवास्तव उसकी हत्या करवा सकता है, इसलिए उसने भाड़े के दो शूटरों से बलराम की हत्या करवा दी। पुलिस ने हत्यारोपी शूटर की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त असलहा और पांच कारतूस भी बरामद होने का दावा किया है।
21 अक्तूबर की रात ग्राम पंचायत मंझरा पूरब निवासी भाजपा के बूथ अध्यक्ष बलराम किशोर श्रीवास्तव की अज्ञात लोगों ने घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के खुलासे में सीओ निघासन सविरत्न गौतम के नेतृत्व में चार टीमें लगाई गईं थीं। मंगलवार को एसपी ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में घटना का खुलासा किया। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि गांव निवासी बद्री प्रसाद और बलराम के बड़े भाई पूर्व प्रधान के बीच जमीन को लेकर रंजिश चल रही थी। बद्री को शक था कि भाजपा नेता उसकी हत्या करवा सकता है, इसलिए उसने भाड़े पर हत्या करने की योजना बनाई और कोतवाली तिकुनियां के गांव बनवीरपुर निवासी शूटर करन से मिला। करन से 50 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। पैसा मिलने के बाद करन ने अपने एक अन्य साथी से पहले बलराम किशोर की पहचान की। बाद में उसकी गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि मुखबिर की सूचना पर प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह, क्राइम ब्रांच टीम के एसआई रामकुमार यादव ने बद्री और शूटर करन को बेलरायां रेलवे स्टेशन के पास से दबोच लिया। पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों का चालान कर दिया है।