पलियाकलां (लखीमपुर खीरी)। मंडी समिति में स्थित वेयर हाउस के गोदाम में हो रहे अनाज के बोरों को बढ़ाने के खेल का मामला उजागर होने के बाद शनिवार को देर शाम यहां जांच टीम पहुंची थी। जिसने गोदामों और स्टॉक रजिस्टर को अपने हवाले करते हुए जांच को आगे बढ़ा दिया, हालांकि जांच रिपोर्ट को अभी सार्वजनिक नहीं किया था। सूत्रों की मानें तो अब इसकी जांच का जिम्मा एफसीआई को ही दे दिया गया है। वह खुद अपने स्तर से इस मामले की जांच करेगा।
स्थानीय स्टेट वेयर हाउस के गोदाम अक्सर सवालों के घेरे में आ जाते हैं। यहां से पीडीएस आदि का राशन उठान होता है शिकायतें मिलती हैं कि ऊपर से आने वाला अनाज कम मात्रा में होता है। यह कमी निचले स्तर यानि राशन कार्ड धारकों तक आते आते और ज्यादा हो जाती है, हालांकि इन मामलों में कभी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो पाती। इसी बीच शुक्रवार को स्टेट वेयर हाउस के गोदाम में की जा रही गड़बड़ी की शिकायत होने पर तहसीलदार भगवानदीन वर्मा और पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। स्टॉक रजिस्टर में कमी मिलने के बाद उसे सीज कर दिया गया था। प्रकरण को एसडीएम और डीएम को भी अवगत कराया गया। जिसके बाद शनिवार को यहां अग्रिम जांच के लिए चार सदस्यीय समिति को भेजा गया। एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी, विपणन इंस्पेक्टर आदित्य प्रताप सिंह, पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार आदि की टीम ने यहां देर शाम पहुंचकर पड़ताल शुरू की। जांच में देखा गया कि मई के बाद कुल कितना उठान हुआ है और कितना माल यहां आया था, उसके अंतर के आधार पर ही जांच टिकी हुई है। शनिवार की देर शाम तक नायब तहसीलदार रामदेव निषाद व पूर्ति निरीक्षक आनंद कुमार इस मामले की जांच करते रहे। लेकिन उन्होंने कुछ भी बताने से इंकार किया।