तिकुनिया। नेपाल बॉर्डर पर स्थित एसएसबी की खकरौला चेकपोस्ट पर चेकिंग के दौरान एसएसबी थर्ड बटालियन के अधिकारियों ने शनिवार शाम को लाल रंग की सूमो गोल्ड सवारी गाड़ी से दो नेपाली युवकों को लाखों रुपये के सोना-चांदी की ज्वैलरी के साथ पकड़ा। ज्वैलरी की कीमत करीब 42 लाख आंकी गई है जो बंगलोर के चामुंडीनगर स्थित एक मकान से 10 दिन पहले चोरी के हैं। एसएसबी ने दोनों अभियुक्तों को पुलिस को सौंपा। इसके बाद तिकुनियां पुलिस ने दोनों का चालान कर जेल भेज दिया। साथ ही मामले की सूचना बंगलोर के थाना आरटीनगर को सूचना दी है।
एसएसबी पोस्ट खकरौला के निरीक्षक हरेंद्र सिंह ने बताया कि सीमा पर शनिवार शाम करीब पांच बजे भारत-नेपाल आने-जाने वाले लोगों की सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा था। करीब छह बजे तिकुनिया की ओर से लाल रंग की सूमो गोल्ड सवारी गाड़ी आई, जिसे रोककर गाड़ी में बैठे लोगों के बैग और सामान की तलाशी ली गई। तो कमल सिंह निवासी ग्राम पहलवानपुर थाना सुखड जिला कैलाली नेपाल और मोहन सिंह ग्राम कोटवाड़ा थाना कुमलगांव जिला कालीकोट नेपाल के थैलों से 19.382 किलोग्राम चांदी, सोना 1.023 किलोग्राम, 10 नग मोती की माला, चार मोबाइल, दो घड़ी और 6021 रुपये नकद समेत कीमती बर्तन बरामद हुए। आरोपी कमल सिंह और मोहन सिंह ने पुलिस को बताया कि यह सामान बंगलोर जिला के चामुंडीनगर निवासी एक व्यक्ति के घर से 10 दिन पहले चोरी किया था। दोनों युवकों को मय चोरी के सामान सहित कोतवाली प्रभारी को सौंप दिया गया। पुलिस ने चोरी के माल सहित दोनों आरोपियों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर चालान भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी विद्याराम दिवाकर ने बताया कि बरामद माल की कुल कीमत करीब 41 लाख 26 हजार रुपये आंकी गई है।