लखीमपुर खीरी/गौरीफंटा-पलियाकलां। भारत-नेपाल सीमा के गौरीफंटा बार्डर से डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख बाबा राम रहीम की दत्तक पुत्री हनीप्रीत कौर के नेपाल भागने की सूचना पर हरियाणा पुलिस के साथ ही कोतवाली गौरीफंटा पुलिस ने बार्डर पर चेकिंग अभियान चलाया था, जिसमें गौरीफंटा कैंटीन के सामने एक पंजाब नंबर की गाड़ी कई दिनों से लावारिस खड़ी होना बताई गई थी। इस पर पुलिस सतर्क हो गई थी। बुधवार को लावारिस मिली कार के मालिक काठमांडू से वापस लौटे तो उन्हें कोतवाली बुला लिया गया। पूछताछ करने पर उनके पास से गाड़ी के कोई कागजात न मिलने पर गाड़ी को सीज कर कोतवाली में खड़ा कर दिया गया है। उधर, बाबा की पुत्री से उन्होंने कोई रिश्ता न होने की बात भी कही है।
बता दें कि डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख बाबा राम रहीम के जेल जाने के बाद उनकी दत्तक पुत्री हनीप्रीत कौर के खिलाफ भी वारंट जारी हुआ था, जिसके बाद से वह फरार है। इसी को लेकर बीते दिनों पंचकुला हरियाणा से पुलिस के दो अधिकारी सादी वर्दी में यहां पहुंचे थे और बार्डर पर उन्होंने चेकिंग के साथ ही पूछताछ की थी। गौरीफंटा कोतवाली पुलिस के साथ चले चेकिंग अभियान में बार्डर पर पंजाब नंबर की एक लावारिस कार बरामद हुई थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया था कि यह कार कई दिनों से बार्डर पर खड़ी है। बुधवार को कार मालिक पंजाब के लुधियाना के ग्राम गिल निवासी जसविंदर सिंह पुत्र मक्खन सिंह यहां पहुंचे, जिसके बाद उनको सीधे कोतवाली बुला लिया गया। कोतवाली पुलिस के सामने उसने बताया कि वह और उसका एक मित्र ग्राम विलगा जालंधर पंजाब निवासी मनदीप सिंह पुत्र इंद्रजीत सिंह दोनों कार कैंटीन के सामने खड़ी करके धनगढ़ी से फ्लाइट पकड़कर काठमांडू गए थे। दोनों ने बताया कि यह कार उसकी मां सुखदेव कौर के नाम है और वह छह साल पहले कांग्रेस पंजाब के पूर्व मंत्री केपी सिंह से खरीदी थी।
गाड़ी मालिक ने बताया कि उनकी गाड़ी का चालान हो गया था, इसलिए उनकेपास कागजात नहीं थे, जिसके कारण वह अपनी कार नेपाल नहीं ले जा पाए और उसे यहीं बार्डर पर लॉक करके पशुपति नाथ मंदिर काठमांडू चले गए। वापसी में वहां से फ्लाइट मिस होने के कारण उन्हें लौटने में देर हो गई है।
पुलिस और एसएसबी दोनों ने पूछताछ के बाद सारे प्रपत्र देखे और कागजात न होने पर गाड़ी को सीज कर कोतवाली में खड़ा करा लिया। इसके साथ ही पुलिस ने हनीप्रीत के बारे में भी उनसे पूछताछ की, लेकिन वह उसके बारे में कुछ न बता सके। उन्होंने लिखित में कहा है कि उनका उससे कोई भी रिश्ता-नाता नहीं है।
बुधवार को भी हुई गहन जांच
बाबा राम रहीम की दत्तक बेटी हनीप्रीत कौर के नेपाल जाने की आशंका के चलते बुधवार को भी एसएसबी और पुलिस जांच में जुटी रही। हर आने जाने वाले की गहनता से जांच की गई। वहीं बार्डर पर बिना बताए गाड़ी खड़ी करने को लेकर भी पुलिस की हिदायतें जारी रहीं।
जंगली रास्तों पर एसएसबी ने की पेट्रोलिंग
एसएसबी ने खुली सीमा पर पेट्रोलिंग के साथ ही जंगली रास्तों पर भी पेट्रोलिंग की। जंगल की पगडंडियों को भी बारीकी से जांचा गया। एसएसबी हनीप्रीत के नेपाल जाने की आशंकाओं के चलते काफी सतर्क है।
लावारिस मिली पंजाब नंबर कि कार के कागजात न होने के कारण उसको सीज कर दिया गया है। कार को बार्डर से उठाकर कोतवाली गौरीफंटा में लाकर खड़ा करा दिया गया है।
- दिनेश चंद्र मिश्रा, कोतवाल गौरीफंटा