मकसोहा में लटकता
मिला महिला का शव
- मायके पक्ष का हत्या कर शव लटकाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
महेवागंज।
सदर कोतवाली के मकसोहा गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे मायके वालों ने हालात देख हंगामा किया। हत्या का आरोप लगाते हुए कोतवाली पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
कोतवाली सदर के भोगीपुरवा गांव निवासी रामसेवक ने बताया कि करीब चार साल पहले उसने अपनी बेटी 30 वर्षीय रिंकी की शादी इसी थाना क्षेत्र के ही गांव मकसोहा निवासी रामनरेश से की थी। शुक्रवार को बेटी की मौत की सूचना उन्हें गांव से मिली। मौके पर जब पहुंचे तो कमरे में लटक रहे बांस में बेटी का गला शॉल से कसा हुआ था, जबकि बाकी हिस्सा चारपाई पर बैठने की मुद्रा में था। शव की हालत देख हत्या का आरोप लगाते हुए मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया।
पिता ने ससुराल वालों पर बेटी को मारकर लटका देने का आरोप लगाया। मृतका के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि आए दिन मायके से रुपये लाने की जिद कर पति उसे मारता पीटता था। मां की मौत होने पर उसके डेढ़ साल के पुत्र का रो रोकर बुरा हाल है। चौकी प्रभारी अवधेश यादव ने बताया कि महिला की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। प्रथम दृष्टया आत्महत्या की बात संदिग्ध लग रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।