भैंस बेचकर साइकिल से घर जा रहा था युवक
भैंस बेचकर घर वापस जा रहे सीतापुर जिले के थाना महोली क्षेत्र के गांव अमृता निवासी सुल्ताना को दो बाइक पर सवार चार बदमाशों ने रोक लिया और तमंचे के बल पर उसके पास से 41 हजार पांच सौ रुपये लूट ले गए। मैगलगंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात चार लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गांव अमृता निवासी सुल्ताना ने बताया कि वह रविवार को भैंस बेचने मैगलगंज की पशु बाजार में आया था। जहां उसकी भैंस 39 हजार रुपये की बिकी थी। इसके अलावा उसके पास ढाई हजार रुपये और थे। भैंस बिक्री करने के बाद वह साइकिल से घर लौट रहा था। गांव सिकटिहा के पूर्व प्रधान आदित्य प्रताप सिंह के खेत के पास पीछे से दो बाइक पर सवार होकर आए चार युवकों ने उसकी साइकिल रोक ली और तमंचे के बल पर 41 हजार पांच सौ रुपये लूटकर फरार हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर गुलाब शंकर पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात लुटेरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।