लखीमपुर खीरी। शहर कोतवाली के गांव बालूडीहा में जमीन की रंजिश को लेकर बृहस्पतिवार शाम एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। इस दौरान एक पक्ष की बुर्जुग महिला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक महिला के पुत्र ने आरोपियों पर घर में घुसकर मारपीट करने और मां फूलकली की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव बालूडीहा निवासी विनोद कुमार ने बताया कि उनका परिवार के ही भागीरथ से जमीन को लेकर एक दीवानी मुकदमा अदालत में चल रहा है। इससे विपक्षी रंजिश मानते हैं। बृहस्पतिवार की शाम करीब आठ बजे भागीरथ, वीरबल सहित कई लोग उसके घर घुस आए और महिलाओं की पिटाई करने लगे। हमलावरों की पिटाई से उसके परिवार की विद्या देवी, कमला देवी भी घायल हो गईं। आरोप है कि इस दौरान हमलावरों ने उसकी मां फूलकली (65) की भी पिटाई की और गला दबा दिया, जिससे मां की मौके पर ही मौत हो गई। इससे परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग निकले। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक सदर अशोक कुमार पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित परिवार और आसपास के लोगों से घटना के बाबत जानकारी ली। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर मृतक के पुत्र विनोद ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं, जो आपस में लड़ रहे थे। इस दौरान धक्का-मुक्की हुई, जिसमें बुर्जुग महिला गिर गई और उसकी मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
अशोक कुमार पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सदर