दो बैंक मित्रों से 2.31 लाख रुपये की हुई लूट मामले में अब तक की जांच में यह बात साफ हो गई है कि घटना को जिले के ही एक पेशेवर गैंग ने अंजाम दिया था। पुलिस ने गैंग के तीन सदस्यों को दबोच लिया है। पुलिस अब उनकी क्राइम हिस्ट्री खंगाल रही है। माना जा रहा है कि घटना क्रम से जुड़े कुछ बिंदुओं को सुलझाने के बाद पुलिस रविवार को मामले का खुलासा कर सकती है।
गांव कोरारा निवासी बैंक मित्र रमेश वर्मा और मुड़िया मिश्र निवासी पंकज वर्मा से बुधवार को छह बदमाश 2.31 लाख रुपये लूटकर भाग निकले थे। घटना के खुलासे में जुटी क्राइम ब्रांच की स्वॉट टीम और स्थानीय पुलिस को बृहस्पतिवार की रात पकड़े गए संदिग्धों से अहम सुराग मिले थे। इस पर जांच तेज करते हुए पुलिस ने धरपकड़ तेज कर दी। जांच के दौरान घटना में एक पेशेवर गैंग के शामिल होने का खुलासा हुआ है। थाने के भरोसेमंद सूत्रों की माने तो पुलिस ने लूटकांड से जुड़े तीन बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए तीनों बदमाश गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। इस गैंग के तार पूरे जनपद में फैले हैं। बैंक मित्रों से हुई लूट में फरधान, फूलबेहड़, भीरा सहित कई थानों के नामी बदमाशों के नाम भी पूछताछ में सामने आए हैं, जो पहले भी लूट की कई वारदातों में शामिल रहे हैं। हालांकि पुलिस इस मामले में अपने पत्ते नहीं खोल रही है। उसका कहना है सही ट्रैक मिल गया है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।