लखीमपुर खीरी/मोहम्मदी/अमीरनगर।
कोतवाली क्षेत्र के कुंभी चीनी मिल में खराब गन्ना तुलवाने को लेकर हुए विवाद में एक किसान ने मिल के अधिकारी पर फायर कर दिया। पुलिस ने अधिकारी की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर अभियुक्तों के यहां दबिश दी है।
कुंभी मिल के गन्ना उपप्रबंधक पुनीत चौहान ने बताया कि शनिवार की रात साढ़े सात बजे सोनू उर्फ मनप्रीत निवासी सुभाष नगर खराब गन्ना लेकर आए थे। गन्ना सूखा और जड़ सहित होने के कारण उन्होंने तौल कराने से मना कर दिया तो वह झगड़ने लगे और उसी गन्ने को तुलवाने पर अड़ गए। इसके बाद उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिल कांटे पर कई फायर कर दिए, जिससे मिल परिसर में अफरा-तफरी मच गई वहीं अचानक हुई फायरिंग में वह बाल-बाल बच गए।
सूचना पर चौकी प्रभारी प्रदीप सिंह ने मोहम्मदी कोतवाली को सूचना देकर पुलिस बल बुला लिया। पुलिस के आने से पहले ही आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गए। सीओ विजय आनंद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक डीके सिंह, एसआई जेपी यादव, एसएसआई उमेश्वर यादव, आरक्षी श्याम किशोर, अजयदीप सिंह के साथ घटना स्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। पुलिस ने गन्ना उपप्रबंधक पुनीत चौहान की तहरीर पर सोनू सहित पांच अन्य के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के घर दबिश दी। पुलिस ने बताया कि आरोपी फरार हैं।