शनिवार को बड़ा गांव में युवकों की टोली रंग खेल रही थी कि इसी दौरान गुजर रहे समुदाय विशेष के एक युवक पर रंग पड़ गया। उस समय तो मामला निपट गया, लेकिन टोली के धोबिनपुरवा पहुंचते ही तीन चार लोग आ गए और दोनो पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलते ही सीओ, एसओ मौके पर पहुंच गए और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया।
शनिवार को बड़ा गांव के युवकों की एक टोली बाजे गाजे के साथ रंग खेलती हुई धोबिनपुरवा गांव जा रही थी कि इसी दौरान मार्ग से समुदाय विशेष का अतरिया गांव निवासी एक युवक वहां से निकला। इस दौरान उसपर रंग पड़ गया। जिससे वह नाराज हो गया और बात बिगड़ती इससे पहले ही टोली में चल रहे कुछ लोगों ने मामला शांत करा कर उसे रवाना कर दिया। बताते हैं कि जब टोली आगे धोबिनपुरवा गांव में पहुंची तो वहां चार पांच लोग आ गए और दोनो पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सूचना पुलिस को मिली। जिस पर सीओ रामआसरे सिंह, एसओ केपी सिंह, एसआई अशोक कुमार, संतोष कुमार मय दलबल के मौके पर पहुंच गए और आनन फानन में झगड़ा करने आए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। मौके से तीन लोग फरार हो गए। पुलिस की मुस्तैदी से एक बड़ा बवाल बच गया। एसओ केपी सिंह ने बताया कि सूचना मिलते ही फोर्स पहुंच गया और तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। मामले में अभी तक तहरीर नहीं मिली है, जिससे मुकदमा कायम नहीं हो सका है।