बफरजोन में शामिल दक्षिण खीरी वन प्रभाग के भीरा रेंज से सटे ग्रामीण क्षेत्र में अवैध रूप से बिना परमिट के शीशम के चार पेड़ काट डाले गए। जब इसकी सूचना डीएफओ/डीडी डॉ अनिल पटेल को मिली तो उन्होंने रेंजर भीरा को मौके पर छापा मारने के निर्देश दिए। रेंजर राकेश बाबू वर्मा ने कार्रवाई करते हुए काटे गए पेड़ों की लकड़ी बरामद कर ली है।
मामला शुक्रवार सवेरे लगभग नौ बजे का है। भीरा रेंज से सटे गांव जंगल नंबर सात में पूर्व प्रधान दिनेश सिंह की निजी भूमि पर लगे शीशम के पेड़ों का बिना परमिट अवैध कटान किया जा रहा था। किसी ने इसकी सूचना फोन पर डीएफओ/डीडी को दी। उन्होंने रेंजर भीरा को जांच करने के निर्देश दिए। रेंजर ने मौके पर पहुंचकर कटे पड़े चार शीशम पेड़ों की लकड़ी जब्त कर ली। रेंजर ने बताया कि वन कर्मियों की टीम को देख, अवैध लकड़ी कटान कर रहे लोग मौका पाते ही फरार हो गए। उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्र में बिना अनुज्ञा-पत्र काटी जा रही शीशम लकड़ी को ग्रामीण वृक्ष अधिनियम संरक्षण 1976 की धारा 4/10 के तहत सीज कर दिया गया है।