लखीमपुर खीरी/अलीगंज। कोतवाली क्षेत्र के पचतौर फार्म के पास बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने जिला सहकारी बैंक शाखा अलीगंज में रुपये जमा करने आ रहे कंचनपुर किसान सेवा सहकारी समिति के आंकिक से चार लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हरकत में आई पुलिस ने बाइक बरामद कर दो बदमाशों को दबोच लिया, जबकि तीसरा आरोपी भाग निकला।
कोतवाली क्षेत्र के कंचनपुर किसान सेवा समिति के आंकिक थाना फरधान के गांव बम्हनपुर निवासी शफीक सोमवार की दोपहर करीब एक बजे खाद बिक्री का चार लाख रुपए लेकर अलीगंज स्थित जिला सहकारी बैंक की शाखा में जमा करने जा रहे थे। पस्तौर फार्म के पास एक सफेद अपाचे बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उनकी बाइक में लात मार दी, जिससे वह बाइक समेत गिर गए। वह कुछ समझा पाते, इससे पहले ही बदमाश चार लाख रुपया से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। दिन दहाड़े हुई वारदात से क्षेत्र में दहशत फैल गई। आंकिक ने घटना की सूचना पुलिस और समिति के एमडी ध्रुव कुमार को दी। सूचना पर यूपी 100 के कर्मियों ने एसआई जगदीश प्रसाद वर्मा, चालक महेंद्र यादव, आरक्षी जगदीश वर्मा, रमाशंकर मौके पर पहुंचे और थाने की पुलिस को जानकारी देते हुए बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने अलीगंज से लखीमपुर मार्ग पर एक अपाचे बाइक बरामद कर उस पर सवार दो बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों में एक बदमाश थाना फरधान क्षेत्र के ग्राम नकहा पिपरी और दूसरा करनपुर निबहा का रहने वाला है। करनपुर निबहा निवासी बदमाश पीड़ित का रिश्तेदार बताया जाता है। बदमाशों के पकड़े जाने की सूचना पर थाना पहुंचे आंकिक शफीक ने दोनों बदमाशों की शिनाख्त की है, लेकिन पुलिस अभी लूटा गया रुपया बरामद नहीं कर सकी है। कोतवाल एके सिंह ने बताया कि तीसरे बदमाश की पहचान की जा रही है। शीघ्र ही लूटी गई रकम बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इससे पूर्व भी आंकिक से हो चुकी है लूट
गोला गोकर्णनाथ। इस घटना से पूर्व इसी समिति के आंकिक से अप्रैल 2016 में दिनदहाड़े साढ़े तीन लाख की लूट हो चुकी है। इस घटना की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था और उसके पास से लूट की रकम भी बरामद की थी।