खमरिया (लखीमपुर खीरी)। थाना ईसानगर क्षेत्र में बदमाशों का आतंक जारी है। बृहस्पतिवार की रात खेत में मचान बनाकर फसल की रखवाली कर रहे गांव रमनगरा के मजरा जगदीशपुर निवासी 22 वर्षीय उमेश ने आहट होने पर टार्च की रोशनी डालकर जब टोका तो बदमाशों ने उसे गोली मार दी और भाग निकले। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घर वालों ने उसे पहले सीएचसी फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उमेश को लखनऊ रेफर कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव रमनगरा मजरा जगदीशपुर निवासी मोहन भार्गव का 22 वर्षीय पुत्र उमेश मक्के के खेत में फसल की रखवाली कर रहा था। पड़ोस के मक्के के खेत में भी गांव के लालजी राजपूत अपनी फसल की देखरेख कर रहे थे। पड़ोसी किसान लालजी ने बताया कि रात करीब डेढ़ बजे वह उमेश के मचान के पास से अपने खेत की तरफ चला गया, जबकि उमेश मचान पर चढ़ गया। इसी बीच कुछ बदमाशों के मचान की ओर आने की आहट उमेश को हुई, इस पर उमेश ने टार्च की रोशनी डाली और टोकते हुए कौन है की आवाज लगाई। इतना कहते ही बदमाशों ने उस पर गोली मार दी। गोली उमेश के पेट में जा धंसी और वह जमीन पर गिर पड़ा। गोली चलने और उमेश की चीख सुनकर उसने शोर मचाया। शोरशराबा होने पर गांव से लोग दौड़ पड़े। गांव वालों को आता देख बदमाश भाग निकले। घटना की सूचना यूपी 100 पर दी गई। सूचना मिलते ही एसओ प्रमोद कुमार मिश्रा 100 पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए और पुलिस ने घायल को 108 एंबुलेंस से पीएचसी ईसानगर में भर्ती कराया। जहां डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। क्षेत्र में लगातार बदमाशों की आमद से ग्रामीणों में खौफ है। एसओ ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। बदमाशों की सुरागकशी की जा रही है। क्षेत्र में गश्त तेज कर दी गई है।
000000000000000000000