निघासन। गांव रामपुर में नौ वर्षीय बालक की हत्या धारदार हथियार से प्रहार करके की गई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ है। इस मामले में पुलिस ने चार नामजद आरोपियों में से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य दो आरोपी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उधर रविवार को भारी पुलिस बल की मौजूदगी में बच्चे के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। घटना के तीन दिन बीत जाने के बाद भी हत्याकांड के मुख्य दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में पुलिस नाकाम रही है।
चार मार्च को रामनरेश का नौ वर्षीय पुत्र घनश्याम घर से लापता हो गया था। शुक्रवार की शाम उसका शव गांव के ही तालाब में मिला था। उसका गला कटा और पेट फटा हुआ था। पहचान छिपाने के लिए चेहरे पर तेजाब भी डाला गया था। पुलिस ने गुमशुदगी को हत्या में तरमीम करते हुए पप्पू, गुड्डू, हरजीत समेत चार लोगों को नामजद किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने शनिवार को बम्हनपुर से दौलतापुर जाने वाले मार्ग पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। पुलिस ने इस मामले में हरजीत समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उधर अनहोनी की आशंका से कई थानों की पुलिस गांव में तैनात रही। बच्चे का अंतिम संस्कार होने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अन्य दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस दबिश दे रही है। शीघ्र ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी। उधर आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पीड़ित परिवार डिप्टी सीएम से मिलने के लिए जिला पंचायत इंटर कॉलेज पहुंचा, लेकिन पीड़ित परिवार को पुलिस ने मिलने नहीं दिया।