कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र के गांव बेला तुरसिया निवासी बेवा 45 वर्षीय रजनी देवी की संदिग्ध हालात में सोमवार की रात मौत हो गई। मृतक के बड़े पुत्र ने गांव के ही एक व्यक्ति पर मां की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि हत्यारोपी को उसके तीसरे नंबर के भाई ने घर से बाहर निकलते देखा है।
गांव बेला तुरसिया निवासी पप्पू ने बताया कि उसके पिता की दो साल पहले मौत हो चुकी है। वह सात भाई हैं। सभी भाई मां रजनी देवी के साथ ही रहते हैं। पिता की मौत के बाद गांव के ही एक व्यक्ति का उनके घर आना-जाना हो गया। रविवार को उनका मंझिला भाई रामखिलावन अपनी ननिहाल नहुआ डोम गया था, जबकि वह मजदूरी करने गया था। सोमवार की रात तीसरे नंबर का भाई गांव में लगा प्रोजेक्टर देखने चला गया। घर पर चार छोटे-छोटे भाई और मां रजनी देवी थीं। रात में किसी समय गांव का ही एक युवक दीवार कूदकर उसके घर में घुस गया और उसकी मां की गला दबाकर हत्या कर दी। इसी बीच भाई राममूर्ति घर पहुंचा तो आरोपी दीवार कूदकर भागने का प्रयास करने लगा। इस पर राममूर्ति ने उसे एक लाठी भी मारी, लेकिन वह दीवार कूदकर भाग निकला। उसने बताया कि जब भाई घर के अंदर गया तो देखा कि मां की मौत हो चुकी थी। शोर शराबा होने पर आसपास के लोग आ गए और मां को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टर ने रजनी देवी को मृत घोषित कर दिया। उसने बताया कि मां के गले पर नाखूनों के गहरे निशान हैं।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है। प्रभारी कोतवाल डीके सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
गन्ने के खेत में मिला ग्रामीण का शव
मझगईं।
घर से मवेशियों के लिए चारा लेने गए ग्रामीण का शव संदिग्ध हालात में कोठिया के पास एक गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भिजवाया।
चौकी क्षेत्र के गांव गंगापुरवा निवासी 70 वर्षीय लेखराम सोमवार को दिन में 11 बजे घर से खाना खाकर मवेशियों के लिए कोठिया गांव के पास स्थित खेत से चारा लाने गया था। जब शाम छह बजे तक वह घर नहीं पहुंचा तो घरवालों ने उसकी खोजबीन की। खोजबीन में लेखराम की लाश अतीक के खेत से रात करीब आठ बजे मिली। मृतक के समीप ही दो बोझ गन्ने की पाती के पड़े हुए थे, कुछ दूरी पर मृतक का हंसिया पड़ा हुआ था। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पलिया एसओ विपिन कुमार सिंह ने मौके का निरीक्षण किया। उधर, मृतक की पत्नी व पुत्रों का रो रोकर बुरा हाल है।
दाउदपुर गांव में भी युवक की संदिग्ध हालात में मौत
महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ के दाउदपुर गांव में 30 वर्षीय युवक की मंगलवार को घर में ही संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सूचना पर सुंदरवल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। घरवालों द्वारा किसी प्रकार की कार्रवाई न किए जाने की बात सुनकर पुलिस लौट गई।
दाउदपुर निवासी स्व. हरद्वारी के छोटे बेटे पप्पू की मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ गई। जब तक घरवाले जान पाते तब तक उसकी घर में ही मौत हो गई। मृतक तीन भाइयों में छोटा था। सभी भाई परिवार समेत अलग रहते हैं। पति-पत्नी में अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस ने बताया कि पड़ताल में पता लगा कि एक दिन पूर्व भी पति-पत्नी में कहासुनी हुई थी। पत्नी अक्सर पति से अलग रहती थी। उधर, मृतक के मंझले भाई जगमोहन ने पहले तो भाई की हत्या की आशंका जताई और हंगामा किया। हालांकि कुछ देर बाद मामला शांत हो गया। चौकी इंचार्ज सुनील सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर गई थी। परिवार वालों ने बीमारी से मौत होने की बात कह कोई तहरीर नही दी है।