उचौलिया। शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डे पर मैगलगंज जाने के लिये वाहन का इंतजार कर रहे मितौली थाना क्षेत्र के तीन मजदूरों को कार सवार बदमाशों ने मैगलगंज जाने के बहाने बैठा लिया, जिन्हें उचौलिया गुरद्वारा के पास उतारकर बैग छीनकर भाग निकले। बैग में 27 हजार रुपये थे। पीड़ित मजदूरों ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
थाना मितौली क्षेत्र के गांव पकरिया हार ग्रंट गनेशपुर निवासी अर्जुन ने बताया कि वह अपने पुत्र धीरेंद्र और भांजे डालचंद्र के साथ बुधवार तड़के देहरादून से ट्रेन से शाहजहांपुर पहुंचा। वे लोग शाहजहांपुर रोडवेज बस अड्डे पर सीतापुर जाने के लिये रोडवेज बस न होने पर वाहन के इंतजार में खङे हो गये। इस दौरान यात्री बनकर आये बदमाशों के एक साथी ने उनसे बातों बातों में मैगलगंज जाने की जानकारी कर ली। इसके कुछ देर बाद ही काली रंग की कार वहां आकर रुकी। उसके चालक ने सीतापुर जाने को पूछा। जिस पर वहां पहले से मौजूद बदमाश के साथी ने खुद भी सीतापुर जाने का बहाना बनाकर सभी को कार में बैठा लिया। डालचंद्र चालक के पास वाली सीट पर अर्जुन और धीरेंद्र पीछे की सीट पर यात्री बने बदमाश के साथ बैठ गये। पीछे बैठे बदमाश ने रास्ते में बातचीत के दौरान काम करके आने का पता कर लिया। जिससे उसको उन लोगों के पास रुपये होने की जानकारी मिल गई। इसके बाद चालक ने उचौलिया में गुरुद्वारा से पहले पुलिस से गाड़ी चेक कराने का बहाना बनाकर पीछे बैठे अर्जुन और धीरेंद्र को वहीं उतार दिया और डालचंद्र को लेकर कार वापस शाहजहांपुर की ओर भगा गए। इसके बाद करीब सात किलोमीटर चलने के बाद डालचंद्र को भी जबर्दस्ती नीचे उतार दिया और बैग लेकर फरार हो गये। उचौलिया में उतारे गये धीरेंद्र और अर्जुन उचौलिया पुलिस चौकी पहुंचे और घटना बताते हुए पुलिस को तहरीर दी। पुलिस ने उनका नाम पता लेकर मैगलगंज जाने वाली पिकप में बैठाकर भेज दिया।