महेवागंज। सिख झाले पर काम कर रहे एक युवक ने शुक्रवार को जहर खा लिया। आनन फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव घर वालों को सौंप दिया है।
थाना फूलबेहड़ के मेहंदी गांव निवासी छोटू (25) पुत्र कंधई सदर कोतवाली के गांव चफंदी में एक सिख झाले पर मजदूरी के लिए आया था। हाल ही में उसकी शादी हुई थी। मायके से पत्नी के घर न आने पर वह तनाव में था। बताते हैं शुक्रवार को उसने झाले पर जहरीला पदार्थ खा लिया। मालिक को जब पता लगा तो आनन फानन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां रात में उसकी मौत हो गई। अस्पताल प्रशासन ने शनिवार को कोतवाली पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे एलआरपी चौकी प्रभारी जेपी यादव ने पंचायतनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम कराया है। उधर महेवागंज चौकी प्रभारी पारसनाथ ने बताया कि उन्हें मामले की कोई जानकारी नही है। कोई तहरीर मिलती है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।