बेखौफ चोरों ने बृहस्पतिवार की रात गांव किसुनवापुर के चार घरों से नकदी-जेवर समेत लाखों रुपये का माल चुरा लिया। उधर, थाना फरधान क्षेत्र के भदूरा चौराहा पर एक सराफ की दुकान का शटर काट दिया और नकदी सहित लाखों रुपये के जेवर चुरा ले गए। सभी घटनाओं की तहरीरें पुलिस को दी गई हैं, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
गोला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम किसुनवापुर में बुधवार की रात देशराज के घर घुसे चोर 15 हजार नकद, आठ जोड़ी बिछिया, आठ जोड़ी पायल, दो तोला की सोने की चेन, दो अंगूठी सहित करीब तीन लाख लाख का सामान चुरा ले गए। देशराज ने बताया कि 24 अप्रैल को उनकी पुत्री मीनू वर्मा की बारात आनी है, जिसके लिए उन्होंने जेवरात बनवा के रखे थे और वह शादी की तैयारियों में जुटे थे। उनके मकान से चंद कदमों की दूरी पर राकेश उर्फ पप्पू के घर से पांच हजार नकदी, सोने की दो चेन, दो अंगूठी, चार मंगलसूत्र, एक जोड़ी टॉप्स, नाक के पांच फूल, छह जोड़ी पायल, एक जोड़ी झुमकी चुरा ले गए।
प्रदीप के घर से कमरे में रखे बक्सों से पांच हजार रुपये, चांदी के पांच सिक्के, नाक के तीन फूल, दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी बिछिया पर हाथ साफ कर ले गए। पड़ोस के पंकज के घर में चोरों ने घुसने का प्रयास किया तो जाग होने पर चोर भाग गए। पीड़ित परिवारों ने घटना की सूचना कोतवाली पुलिस को दे दी है। कोतवाल गोला संजय त्यागी ने बताया की तहरीर मिली है जांच कराकर रिपोर्ट दर्ज की जायेगी।
सराफ की दुकान से 67 हजार रुपये समेत लाखों के गहने चोरी
फरधान। क्षेत्र के भदूरा चौराहे पर बुधवार की रात चोरों ने अजय रस्तोगी की दुकान का शटर काट दिया और अंदर घुस गये। चोर तिजोरी का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 67 हजार रुपये चुरा ले गए। पड़ोसी नीरज रस्तोगी और हरिओम ज्वैलर्स का भी शटर काट दिया। किसी के आने की आहट लगने पर चोर फरार हो गए। अजय रस्तोगी ने बताया सुबह तलाश करने पर तिजोरी चौराहे के पास यदुनंदन प्रसाद के गन्ने के खेत में पड़ी मिली। चोर तिजोरी में रखे ग्राहकों के कागजात, आभूषण, नकदी सहित लाखों का सामान चुरा ले गए हैं। चोरी की तहरीर थाना फरधान में दी गई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जाएगी। क्षेत्र में एक साथ हुई ताबड़तोड़ चोरियों से लोगों में दहशत है।