लखीमपुर खीरी।शाहपुरा कोठी निवासी सुशील कुमार की पत्नी सुमन वर्मा(28) ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची पुलिस ने मायके वालों के सामने दरवाजा तोड़ा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मोहल्ला शाहपुरा कोठी निवासी सुशील वर्मा ने बताया कि वह शहर की एक दुकान पर नौकरी करता है। मंगलवार सुबह वह खाना-पीना खाने के बाद दुकान पर चला गया। दोपहर में जब वह घर आया तो देखा कि दूसरी मंजिल पर स्थित उसका कमरा अंदर से बंद था। झांककर देखा तो पत्नी का शव कुंडे से लटक रहा था। यह देख घर में चीख पुकार मच गई। उन्होंने बताया कि मृतका के सात और नौ वर्ष के दो बेटे हैं। घटना के समय बच्चे निचले तल पर थे। उन्होंने मामले की सूचना पत्नी के मायके सीतापुर के गांव जगना और सदर कोतवाली पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मायके वालों के पहुंचने के बाद कमरे का दरवाजा तोड़ा और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सदर कोतवाल दीपक शुक्ल ने बताया कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।