कन्नौज। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक हरीश चंदर ने पुलिस अधिकारियों की बैठक में अपराध व कानून व्यवस्था की समीक्षा की। इस दौरान गुरसहायगंज और तिर्वा कोतवाली में बड़ी संख्या में शिकायतें और विवेचनाएं लंबित मिलने पर कोतवाल को जमकर फटकार लगाई।
पुलिस अधीक्षक ने अपर पुलिस अधीक्षक केशव चंद्र गोस्वामी और क्षेत्राधिकारियों के साथ मंगलवार को पुलिस आफिस के सभागार में सभी थाना कोतवाली व चौकी प्रभारियों की बैठक ली। थानेवार मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस मुख्यालय से प्राप्त लक्ष्यों की प्रगति की जानकारी की। तिर्वा और गुरसहायगंज कोतवाली में बड़े पैमाने पर शिकायतें और विवेचनाएं लंबित मिलीं।
इस पर एसपी का पारा चढ़ गया। उन्होंने तिर्वा और गुरसहायगंज कोतवाल को जमकर फटकार लगाते हुए एक हफ्ते में सभी लंबित मामलों का निस्तारण करने का निर्देश दिया। वहीं सदर कोतवाली पुलिस को शहर में बढ़ रही चोरियों पर लगाम लगाने और खुले में शराब पीने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा।
उन्होंने कहा कि त्योहार पर अवैध रूप से आतिशबाजी व शराब बनाने और बिक्री करने वाले लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई करें। लापरवाही मिलने पर संबंधित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।