बिजुआ/गुलरिया। ग्राम पंचायत पड़रिया तुला स्थित पशु चिकित्सालय के बरामदे के हिस्से की दीवार बुधवार की सुबह करीब 11 बजे भरभराकर गिर गई। जिससे वहां हड़कंप मच गया। गनीमत यह रही कि पशु चिकित्सा अधिकारी और स्टॉफ बरामदे में नहीं था। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
कसबा पड़रिया तुला का पशु चिकित्सालय सामुदायिक भवन में तालाब के किनारे बना है। यह भवन करीब 40 वर्ष पुराना है, जो काफी जर्जर हालत में है। छत से पानी टपकता रहता है। बुधवार की सुबह दस बजे अचानक भवन के बरामदे की पहले से दरकी दीवार भरभराकर गिर गई। जिस समय हादसा हुआ उस समय डॉक्टर और स्टॉफ बाहर बैठा हुआ था। मौके पर तमाम लोगों की भीड़ जुट गई। लोगों ने बताया कि पूरा भवन हल्की सी बरसात में ही टपकने लगता है। इससे अस्पताल में लाखों रुपये की दवाइयां और उपकरण खराब हो रहे हैं। पशु चिकित्साधिकारी डॉक्टर सुभाष कुमार ने बताया कि सामान की सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। उच्च अधिकारियों को कई बार पत्र भेजकर भवन की स्थिति से अवगत कराया जा चुका है।