लखीमपुर खीरी। थाना मैलानी पुलिस ने बुधवार की शाम मुठभेड़ के बाद चार शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार बदमाशों में ग्राम निपनियां ग्रंट नंबर 11 का दो बार प्रधान रह चुका शेर सिंह भी शामिल है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती सहित 13 गंभीर आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस दफ्तर स्थित कार्यालय में एसपी पूनम ने बताया कि कि बुधवार की शाम मुखबिर ने सूचना दी कि चार बदमाश खैरताली-कलीमपुर मार्ग पर एक ट्यूबवेल की कोठरी में चोरी, लूट करने की योजना बना रहेे हैं। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह, एसआई दिनेश कुमार यादव को लेकर फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और घेराबंदी शुरू कर दी। खुद को घिरता देख बदमाश फायरिंग कर भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भाग रहे निपनियां ग्रंट नंबर 11 निवासी शेर सिंह, मदनुआपुर ग्रंट नंबर 11 निवासी बृजकिशोर मिश्रा, भूपपुर ग्रंट नंबर 11 निवासी छोटेलाल और एवीपुर ग्रंट नंबर 11 निवासी निदेश कुमार को दबोच लिया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से एक पौनिया देशी बंदूक, तीन तमंचा 315 बोर, 54 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार शेर सिंह पूर्व में दो बार ग्राम प्रधान रह चुका है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, जानलेवा हमला सहित 13, बृजकिशोर मिश्रा के खिलाफ छह, छोटेलाल और दिनेश के खिलाफ दो-दो मामले दर्ज हैं। एसपी ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों ने शाहजहांपुर से प्राइवेट लोगों से कारतूस खरीदने की बात पुलिस को बताई है। उन्होंने आशंका जताई है कि आरोपी अवैध असलहा सप्लाई, लूट, चोरी सहित अन्य घटनाओं में शामिल हो सकते हैं, जिसकी वह जांच करा रही हैं। पुलिस ने गिरफ्तार चारों आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से चारों को जेल भेज दिया गया।
शाहजहांपुर से जुड़े हैं कारतूसों के तार
एसपी पूनम ने बताया कि शाहजहांपुर में पकड़े गए अपराधियों को कारतूस कौन उपलब्ध कराता था। बड़े पैमाने पर कारतूस से कैसे पहुंच रहे थे। इसकी जांच के लिए एक टीम लगाई गई है, जिसे शाहजहांपुर भेजा गया है। पुलिस जेल में लूट के मामले में बंद पूर्व प्रधान के साथियों से भी पूछताछ करेगी।
गैंगस्टर की होगी कार्रवाई
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार पूर्व ग्राम प्रधान शेर सिंह के खिलाफ वर्ष 2007 से लेकर 2011 तक तीन बार और उसके साथी बृजकिशोर के खिलाफ भी वर्ष 2011 में गैंगस्टर की कार्रवाई हो चुकी है। पुलिस अब चारों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर लगाने की कार्रवाई तेज करेगी।