लखीमपुर खीरी। आम जनता की शिकायतों को सुनने और उनका निस्तारण करने में रुचि न लेने वाले थाना प्रभारियों पर गुरुवार को एसपी ने शिकंजा कसा है। उन्होंने समीक्षा के बाद जनशिकायतों मेें सबसे फिसड्डी रहे थाना फूलबेहड़ के प्रभारी निरीक्षक को लाइनहाजिर कर दिया है। थाना हैदराबाद प्रभारी निरीक्षक को हटाकर चंदनचौकी भेजा है, जबकि चंदनचौकी प्रभारी निरीक्षक को रिवर्ट कर अपराध शाखा में तैनात किया है।
एसपी पूनम ने बताया कि करीब एक महीने से वह लगातार जनशिकायतों को प्रमुखता से लेकर उनका निस्तारण करने के निर्देश दे रहीं थीं। थानों पर शिकायतों का निस्तारण न होने पर फरियादी उनके पास आते हैं। जब यह प्रार्थना पत्र निस्तारित करने के लिए थाना प्रभारियों को भेजे जाते हैं। तब भी लापरवाही की जाती है। इससे फरियादी को दो-तीन बार जिला मुख्यालय की दौड़ लगानी पड़ती है। समय-समय पर वह इसकी समीक्षा भी करती रहीं। साथ ही फिसड्डी थाना प्रभारियों को कई बार चेतावनी भी दी, लेकिन कुछ थाना प्रभारियों की कार्यशैली में कोई सुधार नहीं हुआ। हाल ही में की गई समीक्षा में जनशिकायतों के निस्तारण में सबसे फिसड्डी रहे थाना फूलबेहहड़ के प्रभारी निरीक्षक घनश्याम राम को लाइन हाजिर किया गया है। उनके स्थान पर थाना फरधान के प्रभारी निरीक्षक एसएन सिंह को भेजा है। आरटीसी प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार अब फरधान के प्रभारी निरीक्षक होंगे। प्रभारी निरीक्षक हैदराबाद सियाराम को इसी पद पर थाना चंदनचौकी भेजा है, जबकि चंदनचौकी प्रभारी निरीक्षक विद्यासागर पाल को रिवर्ट कर अपराध शाखा भेजा गया है। चौकी प्रभारी संसारपुर धर्मदास सिद्धार्थ अब थाना हैदराबाद के एसओ होंगे। गौरीफंटा चौकी प्रभारी एसआई छोटेलाल को महिला थाना का एसओ बनाया गया है। महिला थाना प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल अब परिवार परामर्श केंद्र के प्रभारी होंगे।