खमरिया। कस्बा निवासी इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता देवेंद्र शरण शुक्ला उर्फ कवि के घर रविवार की रात चोर छत के सहारे घर में घुस गए। चोरों ने आंगन में सो रही पुत्रवधू की तकिया के नीचे रखी चाबी उठा लीं और 20 हजार रुपये समेत करीब तीन लाख के जेवर और 26 कारतूस लगी पेटी और बारह बोर की बंदूक चुरा ली। जागने की आहट मिलने पर चोर बंदूक दरवाजे पर छोड़कर भाग निकले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया।
कस्बा खमरिया निवासी पूर्व प्रवक्ता नागरिक शास्त्र देवेंद्र शरण शुक्ला उर्फ कवि ने बताया कि वह रविवार की रात घर के बाहरी बरामदे में सो रहे थे। उनके दोनों पुत्र अतुल व मृदुल शुक्ला बच्चों के साथ घर की छत पर और सभी महिलाएं घर के आंगन सो रहीं थी। रविवार की रात करीब 11 बजे मृदुल शौच के बाद पत्नी से जीने का दरवाजा बंद करने को कहकर छत पर सोने चले गए। रात करीब 1:30 बजे चोर पीछे की दीवार के सहारे छत पर चढ़कर जीने के रास्ते घर में दाखिल हो गए। आंगन में सो रही मृदुल की पत्नी के तकिए के नीचे से घर की चाबियां चुपचाप उठा लीं। इसके बाद घर के दो कमरों के ताले खोलकर कमरों में रखे संदूक, सूटकेस और लॉकर के ताले खोलकर सोने की तीन चेन, छह अंगूठी, एक हार, एक जोड़ी झाला, मांग टीका, नथ, पांच नाक की कील और चांदी की तीन तश्तरी, चार सिक्के, चार जोड़ी पायल, 10 जोड़ी बिछिया आदि करीब तीन लाख के जेवर, 20 हजार रुपये चुरा ली। बारह बोर की बंदूक और 26 कारतूसों से भरी पेटी भी उठा ली। इसी बीच एक चोर का पैर मच्छरदानी में लगा, जिससे मच्छरदानी गिर गई, महिला की आंख खुल गई। महिला चोर को देख कर सन्न रह गई। जब तक कुछ समझ पाती तब तक चोर पीछे के रास्ते से भाग निकले। हड़बड़ाहट में चोर घर के बाहर लाइसेंसी बंदूक, पंखा बैटरी आदि छोड़ गए। शोरगुल सुनकर कस्बे में गश्त कर रहे पुलिस चौकी प्रभारी महेश त्यागी मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण कर घरवालों से जानकारी ली। चौकी प्रभारी ने बताया कि घटना की तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर चोरों का पता लगाया जा रहा है।