गोला गोकर्णनाथ। अशोक चौराहा (सदर चौराहा) के निकट इंदिरा पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर नकाब बांधने के मामले में प्रशासन गंभीर है। मंगलवार को कांग्रेसियों ने रोष जताते हुए मंगलवार को तहसील दिवस में ज्ञापन देकर प्रतिमा की सुरक्षा, कार्रवाई की मांग अधिकारियों से की। डीएम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए इंदिरा पार्क समेत सभी पार्कों में ताला डालने का निर्देश नगर पालिका को दिया है, जिस पर ईओ ने इंदिरा पार्क के साथ ही आंबेडकर पार्क और विकास चौराहा स्थित पार्क में भी ताल डाल दिया है। उधर कोतवाली पुलिस ने युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव विपुल गुप्ता की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
सोमवार सुबह इंदिरा पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री की प्रतिमा के चेहरे पर काले कपड़े का नकाब देख कांग्रेस भड़क गए थे। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि मूर्ति पर मनोरोगी महिला ने काले कपड़े का नकाब लपेट दिया था। मामला कांग्रेस के हाईकमान तक जा पहुंचा। प्रभारी निरीक्षक भानुप्रताप सिंह ने प्रतिमा से काला कपड़ा हटाकर फूल माला पहनाई और कांग्रेसियों को शांत किया। दूसरे दिन प्रदेश युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विपुल गुप्ता, शुुुभम अग्निहोत्री, सुएब आलम, अमित गुप्ता, सलमान अब्बासी आदि ने तहसील समाधान दिवस में एसडीएम सुनंदु सुधाकरन, एएसपी घनश्याम चौरसिया को प्रतिमा की सुरक्षा, कार्रवाई की मांग करते हुए ज्ञापन सौंपा, जिस पर अधिकारियों ने अधीनस्थों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उधर, डीएम के निर्देश पर इंदिरा पार्क समेत मूर्ति स्थापना वाले सभी पार्कों में ताला डलवा दिया गया है।
अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज
प्रदेश सचिव विपुल गुप्ता का कहना है कि फोटो में महिला प्रतिमा के पास खड़ी प्रतीत हो रही है लेकिन यह पता नहीं चल रहा है कि उसने ही प्रतिमा पर नकाब बांधा होगा। इसमें किसी अराजक तत्व की शरारत प्रतीत होती है, इसलिए उन्होंने तहरीर कोतवाली में दी है। प्रभारी निरीक्षक भानु प्रताप सिंह ने बताया कि कांग्रेसी नेताओं की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही स्मारक पार्कों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
स्मारक पार्कों में नगर पालिका ने डलवाए ताले
नगर पालिका ईओ आरआर अंबेश ने बताया कि नगर के आंबेडकर पार्क, इंदिरा पार्क, विकास चौराहा स्थित पार्क जहां प्रतिमाएं लगी हैं, उनकी सुरक्षा को देखते हुए उनमें तालें डलवाए गए हैं, जिसकी चाबी नगर पालिका में रहेगी। पार्कों में प्रतिदिन सुबह शाम साफ सफाई के बाद ताले पड़े रहेंगे।