लखीमपुर खीरी। जनपद के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई। मां-बेटे समेत कई लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि फूलबेहड़ क्षेत्र में हुए भीषण हादसे में छह घायलों को लखनऊ रेफर किया गया है।
शहर से सटे गांव मीरपुर निवासी 35 वर्षीय संजय कुमार रविवार रात करीब 9:30 बजे स्कूटी से पत्नी कालिंद्री और पुत्र 10 वर्षीय सूरज के साथ कहीं जा रहे थे। रास्ते में लालपुर बैरियर के पास स्कूटी और एंबुलेंस में टक्कर हो गई। इसमें संजय की मौत हो गई। पत्नी और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भेजा। जहां डाक्टर ने संजय को मृत घोषित कर दिया। रविवार रात को ही करीब नौ बजे रामापुर चौकी क्षेत्र में रामापुर-पनगी मार्ग पर एक घटना हुई। इसमें 35 वर्षीय पंकज वर्मा निवासी बेनीसरांय थाना लहरपुर की मौत हो गई। वह बाइक से अपने साढू के साथ बरात में शामिल होने नींबा कोरैया जा रहे थे। रास्ते में ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
शादी के 12 दिन बाद युवक की मौत
मितौली। थाना क्षेत्र के गांव नगरा मोहम्मदपुर निवासी 28 वर्षीय अमन वर्मा की सोमवार को सड़क हादसे में मौत हो गई है। उसकी शादी एक मई को सुतेहरा गांव की लड़की से हुई थी। लड़की को विदा कराने मायके पक्ष के लोग घर आए थे। अमन सोमवार की सुबह रिश्तेदारों के लिए कोल्ड्रिंक लेने पड़ोस के गांव नौआ अंबरपुर (सीतापुर) जा रहा था। रास्ते में हादसा हो गया। सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया।
ट्रैक्टर ट्रॉली और कार की टक्कर में छह घायल
महेवागंज/सुंदरवल। फूलबेहड़ थाना क्षेत्र में लखीमपुर-पलिया मार्ग पर रविवार रात कार और ट्रैक्टर-ट्राली की जोरदार टक्कर में कार चालक समेत छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा। हालत नाजुक होने पर सभी को लखनऊ रेफर कर दिया।
गांव भिखनापुर निवासी देशराज रविवार रात एक बजे चार मजदूरों के साथ लखीमपुर से ट्रैक्टर-ट्राली लेकर घर जा रहे थे। इस बीच सुंदरवल चौराहे पर पलिया से लखीमपुर की ओर जा रही तेज रफ्तार जाइलो कार ने ट्रैक्टर में सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैक्टर दो हिस्सों में बिखर गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक देशराज और पड़ोस की सीट पर बैठे गांव के ही छोटे, राहुल, धर्मेंद्र और मनीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं कार चालक थाना गोला के गांव रोहन्ना निवासी राजकुमार भी बुरी तरह जख्मी हो गया। कार के भी परखच्चे उड़ गए। गनीमत यह कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जीप और बाइक की टक्कर में एक की मौत
निघासन। गजियापुर-ढखेरवा मार्ग पर पढुआ चौकी क्षेत्र में रविवार की रात बाइक और जीप की टक्कर में बाइक सवार की मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
सरपतहा गांव निवासी 35 वर्षीय श्रवण मौर्य पड़ोसी रामपाल के साथ बाइक से घर जा रहे थे। बोझिया मोड़ के पास ढखेरवा की ओर से आ रही जीप ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे पढुआ चौकी इंचार्ज हनुमंतलाल तिवारी ने जीप को कब्जे में लेकर दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। अस्पताल में डॉक्टर ने श्रवण मौर्य को मृत घोषित कर दिया।
दो बाइकों की भिड़ंत में एक जख्मी
भीखमपुर। मोहम्मदी लखीमपुर हाईवे पर सोमवार 10 बजे नहर पुल पर हुई दो बाइकों की भिड़ंत में एक बाइक चालक घायल हो गया। ब्लॉक कुंभी के गांव मूड़ाखालसा निवासी धर्मपाल (25) पुत्र पतिराखन किसी काम से नीमगांव जा रहा था। सामने से आ रही बाइक ने टक्कर मार दी जिसमें वह घायल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने डायल सौ पुलिस को सूचना दी। घायल को सीएचसी मितौली भेज दिया। चालक हेलमेट नहीं लगाए था।