चोरी से काटे गए बिजली के तार सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
क्रासर........
11 हजार केवीए लाइन का 1200 मीटर तार काटा
कई नलकूपों और दर्जनों गांवों की सप्लाई ठप
अमर उजाला ब्यूरो
11एलकेएच6
लखीमपुर खीरी। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव मूसेपुर कलां और भुड़पुरवा के बीच नहर की कच्ची पटरी के किनारे से गुजरी 11 हजार केवीए लाइन के करीब 1200 मीटर तार चोरों ने मंगलवार की रात काट डाले, जिससे दर्जनों गांवों और नलकूपों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है। ग्रामीणों की सूचना पर राजापुर चौकी पर मौजूद निरीक्षक प्रभारी कानून व्यवस्था ऋषि देव सिंह ने मौके पर दबिश देकर तीन आरोपियों को धर दबोचा, जिनके कब्जे से 1200 मीटर तार, तीन डिस्क इंसूलेटर, दो होल्डिंग क्लैंप और टी ऑफ चैनल बरामद हुए हैं।
निरीक्षक प्रभारी कानून व्यवस्था ऋषि देव सिंह ने बताया कि कुछ लोग मूसेपुर कलां और भुड़पुरवा गांव के बीच 11 हजार केवीए लाइन के तार कुछ लोगों ने चोरी की नियत से काटे थे, जिसे लेकर भागने की फिराक में थे। सूचना पर दबिश देकर मौके से तीन अभियुक्तों को पकड़ा गया, जिनकी पहचान देशराज उर्फ पम्मा पासी और उमेश कुमार पासी निवासी रुखिया थाना खीरी, संजय पासी निवासी पितवापुर थाना खीरी के तौर पर हुई है। रमही उपकेंद्र के जेई दिनेश कुमार भी मौके पर मामले की पड़ताल करने पहुंचे और उन्होंने बताया कि तार काटे जाने से सैकड़ों एकड़ फसलों की सिंचाई पर संकट आ गया है। कई गांवों की बिजली सप्लाई ठप हो गई है, जिससे लोगों में रोष हैै। पकड़े गए अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि चलती लाइन से बिजली के तार काटकर वह अच्छे दामों पर बेचकर जीविका चलाते हैैं। पुलिस ने तीनों अभियुक्तों देशराज उर्फ पम्मा, उमेश कुमार पासी और संजय पासी के खिलाफ चोरी, 7 सीएल एक्ट, 3/5 उप्र विद्युत तार एवं ट्रांसफार्मर अधिनियम 1976 और 136 भारतीय विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर चालान भेजा है।