गोला गोकर्णनाथ। शनिवार की दोपहर को सीएचसी में ब्लड की जांच न होने पर एक मरीज भड़क उठा और हंगामा करने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे अपनी गिरफ्त में ले लिया।
सीएचसी चिकित्सा अधिकारी डॉ अजय कुमार वर्मा ने बताया कि शनिवार को शासकीय अवकाश होते हुए भी उन्होंने मरीजों की संख्या को देखते हुए ओपीडी शुरू करा दी थी। नगर के मोहल्ला मुन्नूगंज निवासी बलीराम हाथ में पर्चा लेकर आया और ब्लड ग्रुप जांच कराने के लिए कहने लगा। उसे बताया कि आज छुट्टी है, पैथोलॉजी लैब में स्टाफ नहीं आया है। सोमवार को ब्लड ग्रुप की जांच करा लेना, जिस पर वह हंगामा करते हुए स्टाफ के साथ हाथापाई करने लगा। उसने स्टाफ में सेमरई कुर्रैया निवासी अजय कुमार को दांत से काट कर घायल कर दिया।
सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बलीराम को गिरफ्त में ले लिया। आरोपी बलीराम ने बताया कि उसे ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए ब्लड ग्रुप रिपोर्ट लगवानी है, जिसके लिए वह 11 अप्रैल से सीएससी के चक्कर लगा रहा है। जहां उसका ब्लड ग्रुप चेक न करके उल्टे उसे टरका दिया जाता है। शनिवार को भी वह अस्पताल गया था जहां उसकी स्टाफ के साथ कहासुनी हुई है।