हैरमखेड़ा खीरी (लखीमपुर खीरी)। ट्रांसफार्मर में आई खराबी से थाना मैगलगंज के गांव ढखौरा निवासी एक युवक की जान चली गई। ट्रांसफार्मर से निकला हाईटेंशन लाइन का करंट घर में दौड़ गया। इस बीच सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़ रहे 35 वर्षीय शिवप्रकाश सिंह उर्फ मुन्नके की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। पांच लोगों के घरों में दौड़े करंट से टीवी, फ्रिज, कूलर आदि उपकरण फुंक गए।
हादसा शुक्रवार की रात करीब 10 बजे हुआ। गांव ढखौरा में एक ट्रांसफार्मर लगा है। रात में अचानक ट्रांसफार्मर में आई खराबी से हाईटेंशन लाइन का करंट उपभोक्ताओं के घरों में दौड़ गया। इससे कई घरों में रखे स्टेब्लाइजर, फ्रिज, कूलर आदि फुंक गए। जिस समय हादसा हुआ, उसी समय गांव निवासी शिवप्रकाश सिंह उर्फ मुन्नके आंगन में लगी सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़ रहे थे। उसी समय छत की सरिया में बंधी केबिल दग गई। सीढ़ी छत में लगी सरियों से छू जाने के कारण शिवप्रकाश को करंट लग गया और वह नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इससे उनके परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के दो पुत्र 14 वर्षीय विमल और 10 साल का छोटू है। परिवार के पालन पोषण की जिम्मेदारी शिवप्रकाश के कंधों पर थी।
गांव ढखौरा में हाईटेंशन लाइन के करंट से करीब छह घरों के बिजली उपकरण फुंक गए। गनीमत यह रही कि कई घरों में एमसीबी लगी होने के कारण बड़ा नुकसान होने से टल गया। ग्राम प्रधान सोमपाल सिंह के घर लगी एमसीबी के कारण कोई खास नुकसान नहीं हुआ। महेंद्रपाल के घर में रखा इन्वर्टर, पंखा, फ्रिज बल्व, जागेश्वर के घर के सभी बल्ब, बोर्ड, केबिल आदि जल गई। अजय का एक पंखा, केबिल, फ्रिज, ट्यूब लाइट आदि जल गई।
0000000000
वर्जन...
मामले की जानकारी मिली है। जेई को मौके पर हादसे के कारणों की जांच के लिए भेजा है। साथ ही विद्युत सुरक्षा की टीम मौके पर जांच करेगी, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद की जा सकेगी।
उमेश चंद्र सोनकर, अधिशाषी अभियंता गोला डिवीजन
00000000