गोला गोकर्णनाथ। अलग-अलग हुए सड़क हादसों में पांच लोग गंभीर घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया जहां से तीन लोगों की हालत में सुधार न होने के कारण रेफर कर दिया गया।
नगर के मोहल्ला पूर्वी दीक्षिताना निवासी 60 वर्षीय जफरउल्ला अपने पुत्र नय्यर अजीज खान के साथ बसलीपुर अपनी दुकान से बाइक पर गोला वापस आ रहे थे। अलीगंज रोड पर गौतम ईंट भट्ठे के पास सामने से आ रही बोलेरो ने टक्कर मार दी। जिससे पिता, पुत्र घायल हो गए। हैदराबाद थाना क्षेत्र के ग्राम घुग्घुलपुर निवासी 50 वर्षीय चिंताराम बाइक से घर वापस लौट रहे थे इसी दौरान पीछे से आ रहे बाइक सवार ने जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने 108 एंबुलेंस से सीएचसी भेजवाया। कोतवाली क्षेत्र के रजागंज निवासी 20 वर्षीय पप्पू अपने दोस्त 18 वर्षीय शिवा, नींमगांव निवासी 24 वर्षीय आशीष कुमार एक ही बाइक पर जा रहे थे। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए सीएचसी लाया गया जहां जफरउल्ला, चिंताराम, शिवा की हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था, जहां जफरउल्ला की हालत गंभीर होने पर उन्हें लखनऊ ले जाया जा रहा था, जिनकी रास्ते में मौत हो गई। पुत्र ने बोलेरो चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने के लिए कोतवाली में तहरीर दी है।