गोला गोकर्णनाथ। रविवार दोपहर नेशनल हाईवे खुटार रोड स्थित दतेली गांव के पास मिट्टी खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आकर बाइक सवार डेढ़ वर्षीय मासूम की मौत हो गई वहीं बाइक चालक मामा और मां घायल हो गए। पुलिस ने मासूम के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, वहीं हैदराबाद पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर ट्रैक्टर ट्रॉली कब्जे में ले ली है।
फूलबेहड़ थाना क्षेत्र के गांव रामनगर निवासी रवि शुक्ला की 29 वर्षीय पत्नी रीना देवी अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र शुभ और भाई अटल दीक्षित के साथ बाइक से अपने मायके थाना खुटार शाहजहांपुर क्षेत्र के गांव मोहनपुर जा रही थीं। दोपहर जैसे ही वह लोग दतेली के पास पहुंचे तो तेज गति से फर्राटा भरती सामने से आ रही मिट्टी खनन में प्रयुक्त ट्रैक्टर ट्रॉली ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीनों गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 100 डायल पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने डेढ़ वर्षीय शुभ शुक्ला को मृत घोषित कर दिया। वहीं मासूम की मौत पर मां रीना और मामा अटल दहाड़े मारकर रोने बिलखने लगे। सूचना पर पहुंची हैदराबाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल मां और मामा को प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छुट्टी दे दी है।
क्षेत्र में मिट्टी खनन जोरों पर
शासन प्रशासन के तमाम सख्त नियम कानूनों के बावजूद भी क्षेत्र में मिट्टी खनन जोरों पर है। खनन माफिया नियम कानून को ताक पर रखकर अवैध खनन कारोबार में जुटे हैं। लक्ष्मनयती, कोटवारा, कोंधवा, बाबूपुर आदि स्थानों पर जेसीबी से खुदाई कर डंफर, ट्रैक्टर ट्रॉली से मिट्टी खनन का अवैध कारोबार किया जाता है। सड़कों पर दौड़ते खनन में प्रयुक्त वाहन आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। जिससे शासन प्रशासन अनजान बना है।
क्षेत्र में हो रहे अवैध खनन की तहसीलदार से रिपोर्ट मांगी है। शीघ्र ही स्थानों को चिह्नित कर मिट्टी खनन में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रयुक्त वाहनों को सीज किया जाएगा।
- सुनंदु सुधाकरन, एसडीएम गोला।
सड़क हादसों में दो घायल
गोला गोकर्णनाथ। क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में इस्लाम नगर कॉलोनी निवासी अनीस अहमद का 20 वर्षीय पुत्र रेहान और मोहल्ला तीर्थ निवासी वेदप्रकाश सोनी का 24 वर्षीय पुत्र विनोद घायल हो गया। दोनों को सीएचसी भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने विनोद को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।