गोला गोकर्णनाथ। नगर के मोहल्ला हफीजपुर निवासी विनोद अवस्थी की पत्नी लक्ष्मी अवस्थी के स्टेट बैंक में खुले खाते में दूसरे व्यक्तियों ने दो बार में रुपये जमा कर निकासी की है। उल्टे लक्ष्मी अवस्थी के नाम धोखाधड़ी की मुरादाबाद में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। जिससे खाताधारक परेशान हैं।
नगर के मोहल्ला हफीजपुर निवासी लक्ष्मी देवी ने कोतवाली पुलिस, एसपी, मुख्यमंत्री को भेजे शिकायती पत्र में कहा है कि उसका गोला की भारतीय स्टेट बैंक में बचत खाता है। 17 अक्तूबर को अज्ञात व्यक्ति ने 24 हजार रुपये उनके खाते में जमा कर उसी दिन मुरादाबाद की बैंक आफ बड़ौदा एटीएम से रुपये निकाल लिए। अगले दिन 18 अक्तूबर को लक्ष्मी के खाते में 35 हजार रुपये जमा किए जो उसी दिन मेरठ कैंट के एसबीआई एटीएम से रुपये निकाले गए। लक्ष्मी देवी को अपने बैंक खाते से 500 रुपया निकाले जाने पर बैंक से धोखाधड़ी की जानकारी हुई। शाम को मुरादाबाद के कमरुल हसन ने फोन कर लक्ष्मी को हड़काया कि उसने कमरुल हसन के खाते से रुपये निकाले हैं। कमरुल हसन ने थाना पखवाड़ा जिला मुरादाबाद में रिपोर्ट भी दर्ज कराई है। इससे लक्ष्मी देवी ने परेशान होकर स्टेट बैंक जाकर अपना एटीएम बंद करा दिया और अधिकारियों को पत्र भेजकर सीसीटीवी फुटेज निकलवाकर मामले की जांच कराने की मांग की है।
लक्ष्मीदेवी के प्रार्थनापत्र पर कोतवाली के उपनिरीक्षक विनोद कुमार द्वारा कराई गई जांच में पता चला कि जिन लोगों ने रुपया जमा किया उन्हीं ने रुपया निकाला है। मुरादाबाद के कमरुल ने लक्ष्मी को कोई धमकी नहीं दी। दर्ज मुकदमे की जांच थाना पाकबाड़ा से हो रही है।
- अभिषेक प्रताप सीओ गोला।