पीएनबी के एटीएम को काटने और कैश चोरी करने की कोशिश मामले में पुलिस ने शुक्रवार की रात शहर और ग्रामीण इलाकों के कुछ स्थानों पर छापामारी की। इस दौरान पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। अब तक की पूछताछ में पुलिस को कोई ऐसेे तथ्य हाथ नहीं लगे हैं, जिनसे पुलिस के हाथ गैंग तक पहुंच सकें।
बृहस्पतिवार की रात तीन नकाबपोश बदमाश सीतापुर रोड पर स्थित पीएनबी एटीएम में शटर काटकर घुस गए थे और गैस कटर से एटीएम काटा था, लेकिन इस बीच सेंसर अलार्म बचने पर बदमाश भाग निकले थे। घटना के बाद से पुलिस में हड़कंप मच गया था। घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा स्वॉट और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया है। पुलिस को शक है कि पूर्व में हुई घटनाओं में शामिल बदमाशों ने ही घटना को अंजाम दिया है। इससे पूर्व घटनाओं में पकड़े गए कुछ युवक पुलिस की रडार पर हैं। पुलिस की टीमों ने शहर और ग्रामीण इलाकों में छापामारी कर चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पुलिस पूछताछ कर रही है। हालांकि अब तक की पूछताछ में पुलिस को अब तक ऐसे कोई क्लू नहीं मिले हैं, जिससे पुलिस की जांच आगे बढ़ सके। पुलिस फिलहाल अंधेरे में ही हाथपांव मार रही है।
बीटीएस खंगाल रही पुलिस
घटना के खुलासे में जुटी टीमें सर्विलांस सेल की भी मदद ले रही है। सर्विलांस की टीम घटना स्थल सहित अन्य कई मोबाइल टॉवरों की बीटीएस खंगाल रही है। पुलिस को बीटीएस से मिलने वाले मोबाइल नंबरों से अहम सुराग मिलने की संभावना है।
चौकी इंचार्जों की लगी क्लास
शहर के बीचोबीच एटीएम के कटने की घटना को लेकर एसपी रामलाल वर्मा काफी गंभीर हैं। उन्होंने शुक्रवार की शाम शहर के सभी चौकी इंचार्जों और दरोगाओं को अपने दफ्तर में तलब कर उनसे सवाल-जवाब किए। एसपी ने गश्त व्यवस्था तेज करने सहित इन घटनाओं पर अंकुश लगाने के टिप्स दिए। बैठक में शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडेय भी शामिल रहे।