सिकंद्राबाद। मैगलगंज-लखीमपुर मार्ग पर गांव बरुई के निकट बृहस्पतिवार की शाम ट्रैक्टर और बिना हेलमेट ट्रिपल राइडिंग कर रहे बाइक सवार में टक्कर हो गई। हादसे में बाइक पर सवार विकास उर्फ मोनू (16) की मौत हो गई, जबकि उसका पिता और भाई घायल हो गया। घायलों का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव मलिकपुर निवासी प्रेमपाल आंख की दवा लेने सीतापुर गए थे। उनकी बाइक पर पुत्र अजय और विकास उर्फ मोनू भी था। बृहस्पतिवार की शाम तीनों घर वापस लौट रहे थे। शाम करीब आठ बजे इसी थाना क्षेत्र के गांव बरुई के निकट बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। हादसे में तीनों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों घायलों को सीएचसी बेहजम लाई, जहां से हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में भर्ती विकास उर्फ मोनू की मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही उसके परिवार में कोहराम मच गया। रोते-विलखते परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराने के बाद घर वालों को सौंप दिया है। प्रभारी निरीक्षक पान सिंह ने बताया कि अभी हादसे की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।